Jharkhand: चाईबासा में सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़, 10 लाख के इनामी समेत चार खूंखार ढेर

झारखंड अपराध
Spread the love

चाईबासा। झारखंड के चाईबासा जिले से बड़ी खबर आई है, जहां सोमवार की सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर हो गए। इनमें एक महिला भी शामिल है। चाईबासा के एसपी आशुतोष शेखर ने एनकाउंटर की पुष्टि की है। इतना ही नहीं दो नक्सलियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इलाके से भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद कर लिया गया है।

मारे गए चारों नक्सलियों पर सरकार ने इनाम की घोषणा की थी। इनमें 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर सिंगराई उर्फ ​​मनोज, 5 लाख का इनामी सबजोनल कमांडर कांडे होनहागा उर्फ ​​दिरशुम, 2 लाख का इनामी एरिया कमांडर सूर्या उर्फ ​​मुंडा देवगम शामिल हैं। इसके अलावा मृत महिला नक्सली का नाम जंगा पूर्ति उर्फ ​​मारला बताया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पेरू के जंगलों में नक्सलियों के इकट्ठा होने की जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों और पुलिस की एक टीम जॉइंट गश्त पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवान भी पीछे नहीं हटे और पोजीशन लेकर मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़ में मौके से चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए। दो नक्सली भी गिरफ्तार किए गए हैं। कुछ नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है। सुरक्षा बलों की तरफ से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके से कई हथियार और अन्य सामान बरामद किया है।