5 माह बाद जेल से निकलते ही बोले पूर्व सीएम हेमंत सोरेन

झारखंड
Spread the love

रांची। शुक्रवार (28 जून 2024) को झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जेल से भी रिहाई हो गई। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने कहा कि एक सुनियोजित साजिश के तहत उन्हें जेल भेजा गया था। झूठे और मनगढ़ंत आरोपों में उनको 5 महीने तक जेल में बंद रखा गया।

कोर्ट ने आज न्याय किया है। 5 महीने बाद जेल से बाहर आया हूं। मैं इतने दिनों तक जेल में रहा, यह झारखंड के भाई-बहनों के लिए चिंता की बात है। आज पूरा देश जानता है कि मैं क्यों जेल में था। सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को आज जेल में डाल दिया जा रहा है। पत्रकारों को जेल भेज दिया जाता है।

झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री जेल में बंद हैं। मंत्रियों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया लंबी हो रही है। न्याय होने में दिन, महीनों नहीं, बल्कि साल लग जा रहे हैं। जो लोग अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, उनके काम को बाधित किया जा रहा है।

झामुमो नेता ने कहा कि मैं अब जेल से बाहर आ चुका हूं। एक बार फिर झारखंड की जनता के बीच में हूं। उन्होंने कहा कि हमने जो लड़ाई छेड़ी थी। हमने जो संकल्प लिया था, उसको मुकाम तक पहुंचाएंगे। हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट फैसले पर कहा कि यह एक संदेश है। यह पूरे देश के लिए संदेश है कि कैसे मुझे इतने दिनों तक जेल में बंद रखा गया।

हेमंत सोरेन ने बार-बार कहा कि उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने अपने आदेश में जो बातें कही हैं, पत्रकारों को जरूर पढ़ना चाहिए। उन्हें इस फैसले की समीक्षा करनी चाहिए।

साथ ही जनता को इसके बारे में बताना चाहिए। वह खुद अपने मुंह से इस बारे में कुछ नहीं कहेंगे। हेमंत सोरेन से आगे की रणनीति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि रणनीति बता देंगे, तो फिर आगे काम कैसे होगा।

झारखंड हाईकोर्ट ने शुक्रवार (28 जून) को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमानत दे दी। जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की एकल बेंच ने उन्हें रिहा करने का आदेश दिया। कोर्ट ने ईडी की उस अपील को भी ठुकरा दिया, जिसमें केंद्रीय जांच एजेंसी के वकील ने 72 घंटे तक रिहाई पर स्टे देने का आग्रह किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *