रांची। बड़ी खबर आ रही है, शनिवार को झामुमो ने बसंत लौंगा और चमरा लिंडा पर कार्रवाई करने के बाद अब गांडेय के पूर्व विधायक जेपी वर्मा पर कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया है। बताते चलें कि, जेपी वर्मा ने टिकट नहीं मिलने पर कोडरमा से पर्चा दाखिल किया है। कोडरमा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी विधायक विनोद सिंह चुनावी मैदान में हैं।
झामुमो ने जेपी वर्मा के ऊपर की गयी कार्रवाई को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इसमें उन पर कोडरमा लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर गठबंधन धर्म के विपरीत काम करने की बात कही गयी है। ये कार्रवाई पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन के निर्देशानुसार हुई है। इसके अलावा झामुमो ने उन्हें पार्टी के सभी पदों से भी मुक्त कर दिया है।
बताते चलें कि, जय प्रकाश वर्मा ने साल 2022 में अपने तमाम कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झामुमो की सदस्यता ली थी। इससे पहले वह भाजपा के टिकट पर गांडेय से विधायक बने थे।
यहां यह भी बता दें कि, इससे पहले झामुमो कोलेबिरा के पूर्व विधायक बसंत लौंगा और बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चमरा लिंडा पर कार्रवाई कर चुका है। एक ओर बसंत लौंगा को पार्टी ने 6 साल के लिए निष्काषित कर दिया है।
वहीं दूसरी तरफ बिशुनपुर के वर्तमान विधायक चमरा लिंडा को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। बसंत लौंगा बागी होकर खूंटी लोकसभा सीट से ताल ठोक रहे हैं, तो चमरा लिंडा लोहरदगा लोकसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।