पीएम मोदी ने चाईबासा में कांग्रेस और जेएमएम पर साधा निशाना, इनको दिया झारखंड बनाने का श्रेय

झारखंड
Spread the love

चाईबासा। शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड पहुंचे। चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने चाईबासा में कहा कि झारखंड क्रांतिकारियों की धरती है। कांग्रेस ने झारखंड का कभी सम्मान नहीं किया है। पीएम मोदी ने कांग्रेस को आदिवासी विरोधी बताया और कहा कि इंडी गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का विरोध किया था।

प्रधानमंत्री ने सभा में झारखंड बनाने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दिया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने झारखंड बनाने का घोर विरोध किया था। उन्होंने बीजेपी की दूर दृष्टि का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी की यह ताकत थी कि झारखंड का निर्माण हुआ।

पूर्व की कांग्रेस सरकार के ऊपर तंज कसते हुए कहा कि पहले सरकार एक रुपया भेजती थी, तो 85 पैसे भ्रष्टचारी मार लेते थे। अब केंद्र की मोदी सरकार 1 रुपये भेजती है, तो पूरे 100 पैसे खाते में पहुंचते हैं।

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने बाबा साहब की जयंती के दिन आयुष्मान भारत योजना झारखंड की धरती से लांच की। दुमका की धरती से मुद्रा योजना की शुरुआत की गई।

पीएम ने जेएमएम के नारे जल, जंगल और जमीन का जिक्र करते हुए कहा कि जेएमएम और कांग्रेस ने आदिवासी भाई-बहनों का अधिकार छीना है। कांग्रेस और जेएमएम इसे अपनी जागीर समझती है। झारखंड सरकार के ऊपर आरोप लगाते हुए कहा कि आज पूरे राज्य में खान-खनिज की लूट मची हुई है।