कर्नाटक पुलिस ने जेपी नड्डा को भेजा नोटिस, हाजिर होने के लिए दिया इतने दिनों का समय

अन्य राज्य देश
Spread the love

बेंगलुरु। लोकसभा चुनाव 2024 के बीच कर्नाटक पुलिस ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय को नोटिस जारी किया है। दोनों से सात दिन में पेश होने के लिए कहा गया है।

दरअसल, कर्नाटक भाजपा द्वारा एक्स पर एक विवादित पोस्ट किया गया है। इसके चलते कर्नाटक पुलिस ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय को नोटिस जारी किया है।  

पोस्ट के संबंध में बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें जेपी नड्डा और अमित मालवीय के नाम हैं। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने दोनों को नोटिस जारी किया है। जिस पोस्ट को लेकर कर्नाटक पुलिस ने कार्रवाई की है, उसमें एक वीडियो था।

वीडियो में बताया गया था कि कांग्रेस अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा के हिस्से का आरक्षण मुसलमानों को देने जा रही है। यह आरोप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई भाजपा नेताओं ने लगाया है।

भाजपा से कहा गया था पोस्ट हटाने को

कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कर्नाटक भाजपा को विवादित पोस्ट हटाने के लिए कहा था। ऐसा नहीं हुआ, तो चुनाव आयोग ने पोस्ट हटाने के लिए मंगलवार को एक्स को नोटिस भेजा। चुनाव आयोग ने अपने नोटिस में एक्स को कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

भाजपा के इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। इसमें कहा गया था कि भाजपा “दंगा भड़काना और दुश्मनी को बढ़ावा देना” चाहती है।

बताते चलें कि, कर्नाटक की सभी 28 सीटों पर मंगलवार को मतदान पूरा हो गया। यहां लोकसभा की 28 सीटें हैं। कर्नाटक में भाजपा की स्थिति बेहतर रही है। 2014 में यहां पार्टी को 17 और 2019 में 25 सीटों पर जीत मिली थी।