रांची। लोकसभा चुनाव के बीच सभी पार्टियां अपने-अपने स्तर से वोटरों को रिझाने में लगी हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी पीछे नहीं है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी शुक्रवार को झारखंड के दो दिवसीय चुनावी दौरे पर रहेंगे।
शाह 17 मई को सांसद और भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में रांची के चुटिया में रोड शो करेंगे। साथ ही लोगों से भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ के पक्ष में वोट देने की अपील करेंगे। वो 18 मई को बोकारो में जनसभा को संबोधित करेंगे।
बता दें कि, इससे पहले शाह ने झारखंड में पहले और चौथे चरण के चुनाव से पहले खूंटी में जनसभा की थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री के झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री मोदी 19 मई को फिर झारखंड आएंगे। वह जमशेदपुर से भाजपा उम्मीदवार विद्युत वरण महतो के समर्थन में घाटशिला में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री अब तक झारखंड में पांच चुनावी सभा व राजधानी रांची में रोड शो कर चुके हैं। उनकी चाईबासा, पलामू, गुमला, चतरा व गिरिडीह में चुनावी सभा हो चुकी है।