सोनिया गांधी ने पद और गोपनीयता की ली शपथ

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। आज (गुरुवार) कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली। उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ ने कांग्रेस नेत्री को शपथ दिलाई। सोनिया ने हिंदी में शपथ ली। सोनिया गांधी ने पहली बार राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली है।

बता दें कि, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी राज्यसभा के लिए राजस्थान से निर्विरोध चुनी गई थीं। लंबे अरसे बाद ऐसा हुआ, जब नेहरू-गांधी परिवार का कोई सदस्य राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लिया है।

सोनिया गांधी के सियासी सफर पर बात करें, तो 1999 से वह लगातार लोकसभा चुनाव जीतती रही हैं और इसकी सदस्य बनी हुई हैं। 1999 में सोनिया उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से जीतकर लोकसभा पहुंचीं।

इसके बाद 2004 में उनके बेटे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनावी राजनीति में कदम रखा। राहुल अमेठी सीट से चुनाव मैदान में उतरे और सोनिया रायबरेली सीट से चुनाव मैदान में उतरीं। रायबरेली वही सीट थी, जहां से कभी सोनिया की सास इंदिरा गांधी चुनाव लड़ा करती थीं।

2004, 2009, 2014 और 2019 में लगातार चार बार रायबरेली सीट से सोनिया लड़ीं और जीतीं। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सोनिया राज्यसभा जा रही हैं। इससे यह तय हो गया है कि 57 साल बाद नेहरू-गांधी परिवार का कोई सदस्य राज्यसभा जाएगा।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा सांसद चुनी गईं। उच्च सदन में यह सोनिया गांधी का पहला कार्यकाल होगा। वह उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट इस बार का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। इसके अलावा हाल ही में राजस्थान से राज्यसभा के लिए बीजेपी के उम्मीदवार चुन्नी लाल गरासिया और मदन राठौड़ निर्विरोध चुने गए हैं।