झारखंड में आरजेडी के बाद कांग्रेस को भी झटका, इस दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी

झारखंड
Spread the love

  • कांग्रेस के प्रदेश और केंद्रीय नेताओं पर टिकट बेचने का लगाया गंभीर आरोप  

रांची। बड़ी खबर आई है, झारखंड में आरजेडी के बाद कांग्रेस को भी तगड़ा झटका लगा है। विधायक अनूप सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह को प्रत्याशी बनाने से नाराज झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य सह इंटक नेता ललन चौबे ने शुक्रवार को पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। यह जानकारी उन्होंने भागा स्थित अपने आवास में पत्रकारों को दी। इस दौरान ललन चौबे ने कांग्रेस के प्रदेश व केंद्रीय नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाया।

ललन चौबे ने आरोप लगाया कि विधायक अनूप सिंह कोयले का अवैध धंधा चलाने के आरोपित हैं। कांग्रेस ने ऐसी घरेलू महिला को टिकट दे दिया, जिन्होंने कभी घर की चौखट नहीं लांघी। कांग्रेस ने जानबूझकर भाजपा को लाभ पहुंचाने को अनुपमा सिंह को प्रत्याशी बनाया है। यह समर्पित कार्यकर्ताओं का अपमान किया है।

ललन चौबे ने कहा कि धनबाद लोकसभा सीट से 11 लोगों ने टिकट के लिए दावेदारी की थी। पार्टी के निर्णय से आहत होकर हजारों समर्थकों के साथ शुक्रवार को उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर व प्रभारी को भेज दिया है।

जल्द ही समर्थकों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति की घोषणा करेंगे। प्रेस वार्ता में इंटक नेता धर्मेंद्र सिंह, रोहित सिंह, कृष्णकांत तिवारी, सोनू सिंह, विजय चौबे थे।