PM मोदी ने झारखंड को 1717.19 करोड़ की आठ सड़क परियोजनाओं की दी सौगात

झारखंड
Spread the love

रांची। लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड को बड़ी सौगात दी है। पीएम मोदी ने आज 1717.9 करोड़ की लागत से झारखंड में 8 राष्ट्रीय राजमार्ग में कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। रांची के कांके रोड स्थित सीएमपीडीआई के मयूरी सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री ने लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। बैठक में लोकसभा सांसद सुदर्शन भगत, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, एनएचएआई के मुख्य अभियंता उमेश कुमार समेत कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

इन राष्ट्रीय राजमार्गों का लोकार्पण और शिलान्यास

  • राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 33 के रांची बाईपास का चार लेन का निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लागत 707 करोड़ रुपए होगी। इसकी लंबाई 26.27 किमी की होगी। इस सड़क के निर्माण से रांची शहर में ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, रांची से जमशेदपुर के बीच हाई स्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग-419 के पोखरिया से गोविंदपुर तक 4 लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 15 किलोमीटर होगी। इसको बनाने में कुल 300.46 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह सड़क बन जाने के बाद धनबाद से जामताड़ा, देवघर, दुमका जाने में लगने वाले समय में कमी होगी।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर गुमला से कोलेबिरा तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 47.07 किलोमीटर की होगी। इसकी कुल लागत 57 करोड़ रुपए होगी। यह राष्ट्रीय राजमार्ग झारखंड के गुमला, सिमडेगा जिला से उड़ीसा राज्य के राउरकेला को जोड़ता है। जनजाति क्षेत्र के राजमार्ग में इस समाज के जीवन में सुधार होने की संभावना।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग-333ए के सुदरपहाड़ी से धरमपुर तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 27.05 किमी होगी। इसकी कुल लागत 76.50 करोड़ रुपए होगी।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग 100 के सुल्ताना से बिरहु तक का सड़क निर्माण किया जाएगा।  इसकी कुल लंबाई 10.5 किमी की होगी। इसकी कुल लागत 18.07 करोड़ है। यह राजमार्ग हजारीबाग (सुल्ताना) और चतरा (बिरहु) जिले को जोड़ता है। यात्रा सुगम होगी और समय में कमी आएगी।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग 114ए के गिरिडीह बाईपास का निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 23.84 किलोमीटर की होगी। इस सड़क को बनाने में कुल 438 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के पूरे होने से रांची, देवघर तक यातायात सुगम हो जाएगा।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग 219 पर मुर्गातल से धनबाद तक का सड़क निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 44 किलोमीटर की होगी। 44 किलो मीटर सड़क बनाने में 85.28 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस सड़क के बन जाने के बाद जमशेदपुर से धनबाद की यात्रा करने में समय कम लगेगा।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग 419 के रूपनारायणपुर से जामताड़ा तक का सड़क निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 20 किलोमीटर होगी। 20 किलोमीटर की संड़कब बनाने में कुल 32.25 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। इस सड़क के बन जाने के बाद पश्चिम बंगाल सीमा से जामताड़ा, देवघर एवं दुमका जाने में समय में कमी आएगी।

आठ परियोजनाओं में से कुल ‘दो’ परियोजना का पीएम नरेंद्र मोदी ने शिलान्यास किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 419 के पोखरिया मोड़ से गोविंदपुर तक 4 लेन सड़क का निर्माण और राष्ट्रीय राजमार्ग 114ए के गिरिडीह बाईपास का निर्माण इसमें शामिल है। अन्य ‘छह’ परियोजनाओं का पीएम नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया है।