कल्पना सोरेन की ललकार- हर हाथ थामेगा तीर-कमान

झारखंड
Spread the love

  • बढ़ता ही जाएगा झामुमो का कारवां, मिलेगा करारा जवाब…
  • राजमहल आजसू के बड़े नेता एमटी राजा झामुमो में शामिल 

साहिबगंज/ रांची। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में सभी पार्टियां जुट गई हैं। बयानों के तीर के बीच सभाएं और रैलियों का दौर भी शुरू हो गया है। ऐसे में झामुमो भी पीछे रहने वाला कहां है। हाल में पार्टी में शामिल झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय हो गई हैं।

साहिबगंज जिले में बुधवार यानी 6 मार्च 2024 को राजमहल के आजसू के बड़े नेता एमटी राजा को पार्टी में शामिल कराने के बाद कहा कि, हर हाथ तीर-कमान थामेगा, झामुमो का कारवां बढ़ता जाएगा। कल्पना सोरेन ने कहा कि साहिबगंज से आजसू नेता एमटी राजा जी का झामुमो परिवार में हार्दिक स्वागत और जोहार। उन्होंने एक बार फिर कहा कि हेमंत सोरेन को षड्यंत्र के तहत परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड के जन नेता हैं। उनको परेशान किया जा रहा है। ऐसे विपक्ष की अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कल्पना सोरेन ने हेमंत सोरेन के सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर ट्वीट करके ये बातें कहीं। उन्होंने आगे लिखा कि न झारखंड झुका है, न झारखंडी झुकेगा। हेमंत है तो हिम्मत है। उन्होंने हेमंत सोरेन के हैंडल से ट्वीट किया- हर हाथ तीर-कमान थामेगा, झामुमो का कारवां बढ़ता जायेगा…

बताते चलें कि, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के नेता एमटी राजा राजमहल विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। लगातार चार बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले एमटी राजा की वर्ष 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में महज 5,000 वोट से हार हुई थी।

एमटी राजा वर्ष 2004 से राजमहल विधानसभा में सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। वर्ष 2004 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भाग्य आजमाया। इसके बाद वर्ष 2009 में पहली बार झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सिंबल पर चुनाव लड़े। इस बार उन्हें 40,874 मत प्राप्त हुए थे।

वर्ष 2014 में 76,779 मत प्राप्त करके एमटी राजा दूसरे स्थान पर रहे थे। हालांकि, वर्ष 2019 में झामुमो ने टिकट नहीं दिया, तो वह सुदेश महतो की पार्टी आजसू में शामिल हो गए। आजसू के टिकट पर चुनाव लड़े और 76,532 मत प्राप्त हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे।

राजमहल विधानसभा सीट पर महागठबंधन (झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल) के संयुक्त उम्मीदवार को 24,616 मत ही प्राप्त हुए थे। एमटी राजा की झामुमो में वापसी से पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। कार्यकर्ता उनके भव्य स्वागत की तैयारी में जुटे हैं।