लाभुकों को स्‍वीकृति पत्र देकर बोले मुख्यमंत्री-अबुआ आवास योजना में बिचौलियों और लापरवाही बरतने वाले पर होगी कार्रवाई

झारखंड
Spread the love

  • राज्य के हर गरीब और आवास विहीन लोगों को पक्का मकान देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

रांची। राज्य के हर गरीब का अपना आशियाना होगा। कोई भी व्यक्ति आवास विहीन नहीं रहेगा। राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी जरूरतमंदों को तीन कमरे का सुसज्जित पक्का मकान उपलब्ध कराने की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने 9 फरवरी को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में कोल्हान प्रमंडल स्तरीय अबुआ आवास योजना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कही। इस अवसर पर उन्होंने इस योजना के पहले चरण के लिए चयनित 24 हज़ार 827 लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान करने के साथ उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 74 करोड़ 48 हज़ार रुपए हस्तांतरित किया। विदित हो कि  कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला- खरसावां जिले में अबुआ आवास योजना के लिए 1 लाख 92 हज़ार 624 लाभुक चिन्हित किए गए हैं।

लाभुकों की स्‍थायी प्राथमिकता सूची बनेगी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अबुआ आवास योजना में किसी भी प्रकार की बिचौलियागिरी और लापरवाही बर्दाश्‍त नहीं की जाएगी। सभी योग्य लाभुकों की स्थायी प्राथमिकता सूची बनेगी। उसी अनुरूप उन्हें आवास आवंटित किया जाएगा। इसमें अगर कोई भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

झारखंड को संवारने का संकल्प पूरा करेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने कुशल नेतृत्व से झारखंड को संवारने का काम कर रहे थे। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में भी उन्होंने झारखंड की व्यवस्था को अव्यवस्थित होने नहीं दिया। मजदूरों को हवाई जहाज से वापस लाने का काम किया। सभी के जीवन और जीविका की व्यवस्था की। हमारी सरकार उनके संकल्प, सोच, नीति, योजना, मिशन और विजन के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

गांव से चल रही झारखंड में सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में सरकार गांव से चल रही है। ‘आपकी योजना -आपकी सरकार- आपके द्वार’ कार्यक्रम के जरिए सरकार घर-घर तक पहुंची। समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम हुआ। आज डीसी और एसपी से लेकर बीडीओ-सीओ आपके दरवाजे पर पहुंचकर पूरी संवेदनशीलता के साथ आपकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। यह सिलसिला आगे लगातार जारी रहेगा।

सभी को हक-अधिकार और न्याय मिलेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार आपकी है। एक-एक व्यक्ति को पूरे मान सम्मान के साथ उसका हक अधिकार देंगे। किसी के साथ कोई शोषण और अन्याय नहीं होगा। यहां हर किसी को न्याय मिलेगा। इसके साथ ही सरकार हर परिस्थिति में आदिवासियों-मूलवासियों, गरीबों और जरूरतमंदों के साथ खड़ी रहेगी, यह हमारा वादा है ।

पुरानी सड़कों की मरम्मत की जाएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी क्षेत्र के विकास के लिए सरकार संकल्पित है। यहां के खनिज संसाधन से पूरा देश जगमग करता है, उन खनिज संसाधनों का अब इस राज्य के हित में सदुपयोग होगा। औद्योगिक विकास के लिए औद्योगिक क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत किया जाएगा। सभी पुरानी सड़कों की मरम्मत की जाएगी। अस्पतालों की व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल शुरू कर दी गई है। हर खेत में सालों भर पानी पहुंचाने के लिए सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया जा रहा है। ताकि, किसान सालों भर खेती कर अपनी आय बढ़ाकर खुद को सशक्त बना सकें।

पंचायतों से चिन्हित करने का अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 50 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर चुके अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के साथ महिलाओं को भी अब पेंशन योजना का लाभ देने का निर्णय सरकार ने लिया है। इस बाबत लाभुकों को चयनित करने के लिए पंचायत से अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यूनिवर्सल पेंशन स्कीम की वजह से आज कोई पेंशन से अछूता नहीं है। हर घर में पेंशन पहुंच रहा है, जिसकी वजह से बड़े बुजुर्गों को आर्थिक रूप से किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।

मंत्री सहित ये मौजूद

इस अवसर पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक श्रीमती जोबा मांझी, बन्ना गुप्ता, दीपक बिरूवा, निरल पूर्ति, सुखराम उरांव, श्रीमती सविता महतो, समीर कुमार मोहंती, दशरथ गागराई, मंगल कालिंदी, संजीव सरदार, सोनाराम सिंकू, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिला के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।

यहां सीधे पढ़े खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।