सुनीता अग्रवाल ने स्कूल में जाकर छात्राओं को किया जागरूक: सेनेटरी पैड वितरण कर महामारी से बचाव के बताए उपाय, देखें वीडियो

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची के लालपुर स्थित बालिका उच्च विद्यालय में मंगलवार को लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट वनिता कुटीर उद्योग की प्रोजेक्ट हेड सुनीता अग्रवाल ने 200 छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया। मौके पर उन्होंने छात्राओं को जागरूक भी किया। साथ ही असावधानी की वजह से होने वाली संक्रमण की बीमारियों से बचाव और सेनेटरी पेडस के इस्तेमाल के सही तरीके भी बताए।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं कंप्यूटर साइंस की असिस्टेंट प्रोफेसर और जानी मानी समाजसेविका सुनीता अग्रवाल का स्वागत लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के आज के कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन देवाशीष सान्याल, क्लब के पूर्व अध्यक्ष दीवाकर राजगढ़िया, रामबालक वर्मा, सेक्रेटरी विजया केडिया और क्लब के पूर्व अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लायन सुनीता अग्रवाल ने कहा कि नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के अनुसार देश में 15 से 25 साल तक की 62 फीसदी लड़कियां पीरियड्स के दौरान सेनेटरी नेपकिन का उपयोग नहीं करती हैं। चूंकि जागरुकता की कमी होने के कारण छात्राएं माहवारी के दौरान गंदे कपड़े का इस्तेमाल करती हैं और संक्रमण समेत अनेक बीमारियों की चपेट में आ जाती हैं।

महिलाओं द्वारा मासिक धर्म में गंदा कपड़ा इस्तेमाल करने से गंभीर बीमारियों के उत्पन्न होने का खतरा अधिक होता है। उन्होंने कहा कि सेनेटरी पैड में जीवाणुरोधी गुण पाए जाते हैं। पैड एक बार ही उपयोग में लाये जाते हैं, जिसकी वजह से बीमारी का खतरा कम हो जाता है।

उन्होंने स्कूली छात्राओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का नारा बुलंद किया। साथ ही बच्चियों की सेहत और उनके उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की। मौके पर ही लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट की ओर से एक नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें 200 छात्राओं की आंखों की जांच की गयी।

12 बच्चियों की आंखों में गड़बड़ी पाये जाने के बाद उन्हें कोकर स्थित निरामया हॉस्पिटल बुलाया गया। वहां सभी का संपूर्ण इलाज होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में बालिका उच्च विद्यालय की प्रिंसिपल की सराहनीय भूमिका रही।

बताते चलें कि, 200 छात्राओं के बीच निःशुल्क वितरित करने के लिए सेनेटरी पैड का उत्पादन लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट व वनिता कुटीर उद्योग के सौजन्य से किया गया था। वनिता कुटीर उद्योग की ओर से अति कम लागत पर स्कूली बच्चियों या कमजोर तबके की युवतियों महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।