नई दिल्ली। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में सभी राजनीतिक पार्टियां जुट गई हैं। अधिक सीटें आएं, इसको लेकर कांग्रेस पार्टी ने भी 8 राज्यों के लिए चुनाव समिति का गठन कर दिया है।
पार्टी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, केरल, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश समेत कुल 8 राज्यों के लिए चुनाव समिति का एलान किया है। देश की सबसे पुरानी पार्टी ने मध्य प्रदेश के लिए पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी भी बनाई है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कांग्रेस ने राजस्थान, केरल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा के लिए चुनाव समिति की घोषणा की है।
वहीं, मध्य प्रदेश के लिए पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का एलान किया है। पार्टी ने आधिकारिक बयान में कहा है कि इन राज्यों के पदाधिकारियों को नियुक्ति की जानकारी दी गई है।
दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना के लिए प्रदेश चुनाव समिति का चेयरमैन मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को बनाया गया है, जबकि जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश और गोविंद सिंह डोटासारा को राजस्थान की चुनाव समिति की कमान सौंपी गई है। कमेटी में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व कैबिनेट मंत्री सचिन पायलट और जितेंद्र सिंह शामिल हैं।
वहीं, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, मोहन प्रकाश, सीपी जोशी, हरीश चौधरी, रामलाल जाट, प्रमोद जैन, प्रताप सिंह खचरियावास, ममता भूपेश, भजनलाल जाटव, मुरारी लाल मीणा, अशोक चंदना, नीरज डांगी, जुबेर खान, धीरज गुर्जर, राजकुमार शर्मा, रोहित बोहरा, इंद्रा मीणा, डुंगर राम गेदार, शिमला देवी नायक, ललित यादव चुनाव समिति के सदस्य बनाए गए हैं।
शनिवार को कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों के लिए चुनाव वार रूम तैयार किया है। इसमें ऑर्गनाइजेशनल वार रूम और कम्यूनिकेशन वार रूम बनाए गए हैं। ऑर्गनाइजेशनल वॉर रूम की कमान शशिकांत सेंथिल को सौंपी गई है, जबकि चार वाइस चेयरमैन बनाए गए हैं। इनमें गोकुल बुटैल, नवीन शर्मा, वरूण संतोष और कैप्टन अरविंद कुमार शामिल हैं।