पटना। मंगलवार को बिहार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से नए साल का कैलेंडर जारी किया गया। CM नीतीश कुमार ने इसे जारी किया। मुख्यमंत्री आवास एक अण्णे मार्ग स्थित संवाद कक्ष में प्राधिकरण के आपदा जोखिम न्यूनीकरण कैलेंडर-2024 का विमोचन किया गया।
इस मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत, सदस्य पीएन राय, सदस्य मनीष कुमार वर्मा, सदस्य कौशल किशोर मिश्र और सचिव मीनेंद्र कुमार के अलावे संदीप कमल समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।
कैलेंडर का प्रकाशन प्राधिकरण के जन जागरूकता अभियान का अहम हिस्सा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैलेंडर में छपी कॉन्टेंट का मुआयना किया। एक-एक चीज को काफी बारीकी से देखा। साथ ही उपाध्यक्ष और प्राधिकरण सदस्यों ने कैलेंडर के विषय वस्तु के बारे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जानकारी दी।
बिहार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के इस बार के कैलेंडर की खासियत ये है कि राज्य के जाने-माने कार्टूनिस्ट पवन कुमार ने रेखा चित्रों के माध्यम से आपदाओं में सुरक्षित रहने की जानकारी देने का प्रयास किया है। आसान और सहज भाषा में आपदाओं से बचाव के तरीके बताए गए हैं। इसमें मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम की भी पूरी जानकारी दी गई है।
कैलेंडर में दी गई जानकारी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी उत्सुक दिखे। इसमें आपदा और उससे बचाव के उपाय बताए गए हैं। ड्राइंग के जरिए ये सब दिखाया गया है। कैलेंडर के विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इसके बारे में भी बताया गया।