Amarendu_Prakash

दुनिया के टॉप 10 कंपनियों में शामिल होगा सेल, बीएसएल की बढ़ेगी आधारभूत सुविधाएं

बिज़नेस देश नई दिल्ली
Spread the love

  • जनवरी में प्रस्तुत होगा सेल का विजन स्टेटमेंट

नई दिल्ली। स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (सेल) दुनिया के टॉप 10 स्टील कंपनियों की सूची में शामिल होगा। इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। वर्तमान में सेल स्टील उत्पादक कंपनियों की विश्वस्तरीय सूची में 21वें स्थान पर है। उक्‍त बातें सेल के अध्यक्ष अमरेन्दु प्रकाश ने कही।

प्रकाश ने कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में स्टील की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए सेल अपने उत्पादों की गुणवता को बेहतर बनाएगा। उत्पादन को बढ़ाने के लिए आधुनिक तरीकों को अपनाएगा। इस दिशा में नए-नए अन्वेषण पर भी जोर देगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सेल की सभी प्लांटों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रकाश ने कहा कि सेल की वर्तमान उत्पादन क्षमता 20 मिलियन टन प्रतिवर्ष है। इसे वर्ष 2030 तक बढ़ाकर 35 मिलियन टन करने की योजना है। इस दिशा में कंपनी ने कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि उत्पादन को बढ़ाने के लिए अध्ययन टीम गठित की गई है। वह इसके लिए योजना तैयार कर रही है।

अध्यक्ष ने बताया कि सेल विजन स्टेटमेंट अगले साल जनवरी में प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें स्टील के क्षेत्र में नित नए हो रहे अभिनव प्रयोगों, अनुसंधानों,  अन्वेषण और आवश्यकता के अनुरूप स्टील के उत्पादन पर जोर दिया जाएगा।

प्रकाया ने कहा कि वर्ष, 2000 में सेल का विजन स्टेटमेंट प्रस्तुत किया गया था। इन 24 वर्षों के दौरान स्टील के उत्पादन-विपणन के क्षेत्र में काफी परिवर्तन आया है। तेजी से बदलती हुई दुनिया को देखते हुए इसके लिए सेल के नए विजन स्टेटमेंट की आवश्यकता थी। नए विजन स्टेटमेंट – डॉक्यूमेंट को लाकर स्टील के क्षेत्र में आने वाले वर्षों में चुनौतियों का बेहतर से मुकाबला कर सकेंगे। पूरी दुनिया में सेल के बेहतर उत्पादों को मजबूती से स्थापित करेंगे। मांग की पूर्ति के लिए राष्ट्रीय – अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने को स्थापित कर सकेंगे।

प्रकाश ने कहा कि सेल की सभी प्लांटों में उत्पादन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका परिणाम भी सामने आ रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में मौजूदा वित्तीय वर्ष 2023-24 में सेल का मुनाफा बढ़ेगा। कंपनी की प्रगति के लिए यह बेहतर संकेत है।

अध्यक्ष ने कहा कि बोकारो स्टील सिटी (बीएसएल) में आधारभूत सुविधाओं की मौजूदा स्थिति को बेहतर बनाया जाएगा। शहर का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। हाल के बोकारो दौरे के दौरान बोकारो स्टील प्लांट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने निर्देश दिए हैं। आने वाले तीन वर्षों के दौरान बोकारो एक बार फिर सौंदर्यीकरण के मामले में झारखंड के टॉप शहरों में एक होगा।

अध्‍यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के अनुरूप सेल के माध्यम से स्टार्टअप को किस प्रकार बढ़ावा दिया जा सकता है, इस पर भी गंभीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।