लातेहार। बड़ी खबर झारखंड के लातेहार से आई है। भाकपा माओवादी सब जोनल कमांडर प्रदीप सिंह चेरो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसपर सरकार ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार नक्सली लातेहार सदर थाना क्षेत्र के बरियातू जागीर गांव का रहने वाला है।
लातेहार पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बुधवार को मीडिया को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली कमांडर प्रदीप सिंह इन दिनों अपने गांव के आसपास देखा जा रहा है।
इस सूचना के बाद एसडीपीओ संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित कर प्रदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गयी। पुलिस को देखते ही प्रदीप सिंह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे चारों ओर से घेर कर गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली प्रदीप सिंह पर सरकार की ओर से 5 लाख रुपये इनाम भी घोषित था। उन्होंने बताया कि प्रदीप सिंह पर लातेहार के अलावा राज्य के अन्य थाना क्षेत्र में कुल 23 नक्सली हिंसा के मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली से पुलिस को कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।