अयोध्‍या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का 1 जनवरी से मिलेगा निमंत्रण

धर्म/अध्यात्म झारखंड
Spread the love

  • श्री राम जानकी मंदिर तपोवन मंदिर में अक्षत कलश की हुई पूजा

रांची। अयोध्या में 22 जनवरी, 2024 को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा होना है। इसका आमंत्रण जन-जन को देने के लिए अक्षत कलश रांची पहुंचा है। रांची स्थित श्री राम जानकी मंदिर तपोवन मंदिर में महंत ओम प्रकाश शरण ने विधिवत पूजा अर्चना कर इसका रांची महानगर के 16 नगरों में 15 दिसंबर को वितरित किया।

सभी 16 नगरों के लिए पीतल के कलशों में पूजित पीला अक्षत भरकर नगर संयोजक एवं सहसंयोजक को सौंपा गया। इसे श्रद्धा पूर्वक अपने माथे पर रखकर जय श्री राम के उद्घोष के साथ अपने-अपने नगरों में ले गये, जिसे दर्शन पूजन के लिए नगर के मंदिरों में रखा जाएगा। महानगर के सभी सनातनी परिवार के घर निमंत्रण के रूप में पूजित अक्षत, आमंत्रण पत्र एवं श्री राम मंदिर का चित्र कार्यकर्ताओं द्वारा 1 जनवरी से 15 जनवरी के बीच पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर तपोवन श्री राम जानकी मंदिर में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्र ने कहा कि पूरे विश्व के हिंदुओं एवं भारतवर्ष के लिए यह एक अभूतपूर्व आनंद का क्षण होगा, जब प्रभु श्री राम अपने दिव्य, भव्य और नव्य मंदिर में विराजित होंगे।

श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या के साथ-साथ रांची महानगर के भी सभी मठ मंदिरों को सजाया जाएगा। भजन- कीर्तन एवं अनुष्ठान किए जाएंगे। प्रसाद बटेंगें और कई मंदिरों में भंडारा भी होगा। समस्त हिंदू समाज अपने आसपास के मंदिरों में एकत्र होकर सामूहिक पूजन एवं आरती में भाग लेंगे। संध्या काल में सभी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाएंगे।

अक्षत कलश वितरण कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद रांची महानगर के अध्यक्ष कैलाश केसरी, कार्यक्रम के महानगर संयोजक चंद्रदीप दुबे, सह संयोजक अंकित सिंह, प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख प्रकाश रंजन, प्रांत धर्मप्रसार परियोजना प्रमुख श्रीमती रेणु अग्रवाल, विभाग मंत्री कृष्ण कुमार झा, विभाग धर्माचार्य संपर्क प्रमुख सुरेंद्र तिवारी, विभाग सेवा प्रमुख रविशंकर राय, विभाग प्रचार प्रसार प्रमुख अमर प्रसाद, रांची महानगर सह मंत्री विश्वरंजन, पारसनाथ मिश्र, मुकेश गिरी सहित सभी नगरों के संयोजक, सहसंयोजक सहित संघ, विहिप एवं अन्य सम वैचारिक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।