पाक में मारा गया भारत का एक और दुश्मन, लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी हबीबुल्लाह ढेर, जानिए कितना खतरनाक था

दुनिया
Spread the love

पाकिस्तान। पाक में भारत का एक और दुश्मन मारा गया। आइए जानते हैं लश्कर-ए-तैयबा का यह आतंकी हबीबुल्लाह कितना खतरनाक था। बताते चलें कि, पाकिस्तान में इस साल कई खूंखार आतंकवादियों और खालिस्तानियों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। इसी कड़ी में अब लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी हबीबुल्लाह के मारे जाने की खबर है।

अपुष्ट खबरों में कहा जा रहा है कि मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के करीबी हबीबुल्लाह को रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने मार डाला। उस पर अज्ञात बंदूकधारियों ने फायरिंग की, जिसमें वह मारा गया। हबीबुल्लाह भारत के उड़ी में हुए आतंकी हमले में भी शामिल था। यह अटैक 2016 में हुआ था, जिसके बाद भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक भी की थी।

पिछले कुछ महीनों में ही पाकिस्तान में इसी तरह से करीब एक दर्जन आतंकवादी मारे जा चुके हैं। इन आतंकियों में बिलाल मुर्शीद, अकरम गाजी, अबू कासिम जैसे कई खूंखार दहशतगर्द शामिल हैं। खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले में इस घटना ने भारत के लिए राहत की वजह दी है।

बताते चलें कि, इसी बीच मुंबई सीरियल ब्लास्ट में शामिल रहा दाऊद इब्राहिम भी अस्पताल में एडमिट है। खबर है कि उसे किसी अज्ञात शख्स ने जहर दे दिया है और उसे इलाज के लिए पाकिस्तान के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पाकिस्तान हमेशा इस बात से इनकार करता रहा है कि दाऊद कराची में रहता है। ऐसे में वह इस पर भी कोई टिप्पणी नहीं कर सकेगा कि दाऊद की क्या स्थिति है। बता दें कि, पिछले दिनों जब भारतीय विदेश मंत्रालय से पाकिस्तान में मारे जा रहे भारत के दुश्मनों के बारे में पूछा गया था, तो उसने कहा था कि हम इन्हें भारत लाना चाहते हैं। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा,’जो लोग भारत में वॉन्टेड हैं, हम उन्हें यहीं पर न्याय की प्रक्रिया के तहत सजा देना चाहते हैं। हमारा मानना है कि इन लोगों का भारत में ही प्रत्यर्पण किया जाए।’ मालूम हो कि बीते एक सप्ताह में यह दूसरा मौका है, जब टैंक जिला चर्चा में आया है। जिले में पिछले सप्ताह ही भीषण आतंकी हमला हुआ था। इसमें 23 पुलिसकर्मी और सैनिक मारे गए थे।