पलामू क्षेत्र के दिव्यांगों के लिए अच्छे दिन लेकर आ रहा 2024

झारखंड
Spread the love

डालटनगंज में भी खुलेगा श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति का केंद्र

कृत्रिम अंगों के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर, शहर में ही मुफ्त कराए जाएंगे उपलब्ध

रांची। दिव्यांग लोगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर पीड़ित मानवता की सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण बनाने वाली संस्था श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति अब पलामू क्षेत्र के लोगों के लिए नए वर्ष 2024 में उम्मीदों की नई किरण लेकर आ रही है। नए साल के पहले महीने यानी जनवरी में ही डालटनगंज में समिति अपनी नई शाखा खोलने जा रही है। इसकी पहल रांची निवासी समाजसेवियों के एक समूह ने की है। इसकी अगुवाई समिति की रांची शाखा के चेयरमैन ललित केडिया कर रहे हैं और सहयोगी के रूप में सचिव नेमी अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल और लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के पूर्व अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल कर रहे हैं।

ललित केडिया ने दैनिक प्रातः नागपुरी से बातचीत में कहा कि, समिति रांची समेत राज्य के कई शहरों में दिव्यांगों की सेवा करती आ रही है, लेकिन पलामू संभाग में कोई शाखा नहीं होने के कारण उस इलाके के लोगों को समिति की सेवा का समुचित और व्यवस्थित लाभ अभी तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे सहयोगी रतन लाल अग्रवाल ने पलामू क्षेत्र का व्यापक सर्वेक्षण के बाद समिति के समक्ष यह प्रस्ताव रखा कि डालटनगंज में शाखा खोलने पर अपनी सेवा को और विस्तार दिया जा सकेगा। इसका सीधा लाभ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समेत गरीब तबके के लोगों को भी होगा।

अखिल भारतीय नारनौलीय अग्रवाल महासभा के सभापति प्रमोद अग्रवाल ने इस प्रस्ताव को स्वागत योग्य बताते हुए इसपर आगे बढ़ने की बात कही।  इसके उपरांत इस प्रस्ताव को समिति की कोर कमेटी में रखा गया और विचारोपरांत इसे स्वीकृति प्रदान कर दी गयी। अखिल भारतीय नारनौलीय अग्रवाल महासभा के सभापति प्रमोद अग्रवाल ने सुझाव दिया कि, मकर संक्रांति के बाद समिति का एक दल डालटनगंज जाए और शाखा खोलने की औपचारिकताओं को पूरा करे। इससे पहले डालटनगंज समेत पलामू क्षेत्र के समाजसेवियों से भी संपर्क स्थापित कर इस जनकल्याण के अभियान में उन्हें सहभागी बनने का प्रस्ताव दिया जाए।

ललित केडिया के अनुसार पलामू संभाग के दिव्यांगों को कृत्रिम अंग प्राप्त करने में जिस समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उनका समाधान डालटनगंज में शाखा खुलने से हो जाएगा। उन्होंने कहा कि, डालटनगंज केंद्र में भी दिव्यांगों को उसी तरह की सेवा और उपकरणों की व्यवस्था रहेगी। जिस तरह से हमारी टीम रांची में कर रही है।

बताते चलें कि, ललित केडिया ने समाजसेवा के क्षेत्र में पिछले कई दशक में अनेक उल्लेखनीय कार्यों को अंजाम दिया है, जिससे समाज में उनकी विशिष्ट पहचान बनी है। विकलांगों की सेवा के अलावा गौ सेवा और धर्म सेवा के लिए भी वे सतत सक्रिय रहते हैं। इसके अलावा सनातन धर्म और संस्कृति के संरक्षण और विकास के लिए भी खुद को किसी भी पहल में आगे रखते हैं।

रतन लाल अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल और नेमी अग्रवाल जैसे समाजसेवियों का साथ मिलने से ललित केडिया की समाजसेवा को नित्य नए आयाम मिल रहे हैं। इसकी एक बानगी अगले कुछ सप्ताह में ही डालटनगंज में देखने को मिलेगी। डालटनगंज में इसका संचालन अखिल भारतीय नारनौलीय अग्रवाल महासभा के सभापति प्रमोद अग्रवाल के मार्गदर्शन में होगा।