
- आदिवासी प्रकृति पूजक हैं, पहाड़-पर्वत को हरा भरा रखते आएं हैं
प्रशांत अंबष्ठ
बोकारो। जब तक मैं हूं किसी भी परिस्थिति में आदिवासी संतालियों के धार्मिक धरोहर लुगु पहाड़ पर दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित LUGU PAHAR HYDEL PUMPED STORAGE PROJECT को स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। हर हाल में आदिवासी समुदाय की आस्था और विश्वास का धार्मिक धरोहर लुगू पहाड़ को संरक्षित करने का काम होगा। ये बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कही। वे लुगु पहाड़ में कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा लुगुबुरु आदिकाल से ही पूर्जवों द्वारा संचालित होता आ रहा है। समय के हिसाब से जिस प्रकार समाज जागरूक हो रहा है। उसी तरह आदिवासी सरना धर्म को भी आगे बढ़ना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति के पूजक हैं। पहाड़, पर्वत को वे हरा-भरा रखते आए हैं। हम आदिवासी संताल गरीब जरूर है, लेकिन आज तक किसी के धर्म या किसी की कोई भी चीज हो हम गलत नजर से नहीं देखते। हम शांति और सद्भाव से हमेशा रहना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा लुगुबुरू के इतिहास को संजो कर रखना है। अगर ऐसा नहीं होगा तो आने वाली पीढ़ी इस सम्बंध में कैसे जान सकेगी। इसपर कार्य होना चाहिए। हमें अपने धर्म के प्रति जागरूक रहना है और अपने कर्तव्य को निभाना है। हर समाज के लिए शिक्षा जरूरी है। पहले तीर धनुष से लड़ाई लड़ी जाती थी, अब बुद्धि से लड़ाई होती है। इसलिए शिक्षा का महत्व है।
इस अवसर पर मंत्री चंपाई सोरेन, मंत्री श्रीमती बेबी देवी, पूर्व विधायक सह राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त योगेन्द्र महतो, लुगुबुरु घंटाबाड़ी के अध्यक्ष बबुली सोरेन, उपाध्यक्ष बहाराम हांसदा, सचिव लोबिन मुर्मू, उपसचिव मिथिलेश किस्कू, बोकारो उपायुक्त, आरक्षी अधीक्षक एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।