Ranchi: चीफ जस्टिस ने किया सेंट्रल जेल का औचक निरीक्षण, मचा हड़कंप

झारखंड
Spread the love

रांची। शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय मिश्रा ने रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण पर पहुंचे मुख्य न्यायाधीश संजय मिश्रा ने जेल के अंदर प्रवेश करने के बाद सबसे पहले जेल अस्पताल का निरीक्षण किया।

जेल अस्पताल में कैदियों के लिए दवाई उपलब्ध है या नहीं, कितने डॉक्टर हैं सब की जानकारी मुख्य न्यायाधीश ने ली। कैदियों के इलाज को लेकर कई निर्देश जेल प्रशासन को मुख्य न्यायाधीश ने दी। जेल अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद मुख्य न्यायाधीश ने जेल रसोई घर का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने देखा कि कैदियों को मिलने वाला खाना हाइजेनिक तरीके से बनता है या नहीं। रसोई घर में साफ सफाई का ध्यान रखा जाता है कि नहीं, इसका भी निरीक्षण मुख्य न्यायाधीश के द्वारा किया गया।

मुख्य न्यायाधीश ने जेल में औचक निरीक्षण के दौरान जेल के अंदर बने महिला और पुरुष वार्ड को भी कायदे से खंगाला। खासकर महिला वार्ड को लेकर कई निर्देश जेल प्रशासन को मुख्य न्यायाधीश के द्वारा दिए गए हैं।

रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के जेल अधीक्षक हामिद अख्तर ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश औचक निरीक्षण पर जेल आए थे। जहां उन्होंने जेल अस्पताल, जेल किचन और कैदियों के वार्डों का निरीक्षण किया।

मुख्य न्यायाधीश की तरफ से यह बताया गया है कि वे जल्द ही निरीक्षण के दौरान जो कमियां पाई गई हैं, उन्हें लेकर एक गाइडलाइंस जेल प्रशासन को भेजेंगे। उस गाइडलाइंस के आधार पर जेल की कमियों को दूर कर रिपोर्ट सबमिट करनी होगी।