- पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर होनी है हड़ताल
धनबाद। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर हड़ताल किए जाने के लिए रेलकर्मियों के विचार जाने जाएंगे। वे स्ट्राइक बैलट का प्रयोग कर अपने विचार रखेंगे। इसके लिए 21 और 22 नवंबर, 2023 को मतदान का आयोजन किया गया है। मतदान ईसीआरकेयू के अलावे पूरे भारतीय रेलवे में सभी रेलवे जोन और कारखाना में एक ही साथ होगा।
बता दें कि ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली के लिए संयुक्त फोरम का गठन किया गया है। वह नई पेंशन प्रणाली को समाप्त कर पुरानी सुनिश्चित पेंशन बहाली के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन कर रहा है। अब तक प्रत्येक महीने की 21 तारीख को नई पेंशन योजना को समाप्त कर सभी को पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन प्रदर्शन किया जाता रहा है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में 10 अगस्त को लाखों की संख्या में रेलकर्मियों सहित अन्य केन्द्रीय और राज्य के कर्मचारियों,शिक्षक संघों, रक्षा मंत्रालय के सिविल कर्मचारियों आदि ने उपस्थित होकर पुरानी पेंशन की बहाली के लिए केन्द्र सरकार के समक्ष अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया है। इसके बाद भी सरकार की नींद नहीं टूटी है।
फेडरेशन के 8 नवंबर को मुंबई सम्मेलन में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि पेंशन बहाली के लिए रेलकर्मियों द्वारा फेडरेशन के नेतृत्व में हड़ताल किया जाएगा। इसके लिए 21 और 22 नवंबर, 2023 को हड़ताल को लेकर रेल कर्मी की मंशा जानने के लिए मतदान होगा।
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने आह्वान किया है कि रेलकर्मी उसी राष्ट्रीय दल को अपना मत देंगे, जो पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने का वादा पूरा करेंगे।
रेल हड़ताल के लिए स्ट्राइक बैलट को लेकर केंद्रीय स्तर पर ईसीआरकेयू के अध्यक्ष डीके पांडेय, अपर महामंत्री मो ज़्याउद्दीन, सहायक महामंत्री ओमप्रकाश, केन्द्रीय कोषाध्यक्ष सह एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी ओपी शर्मा और शाखा स्तर पर नेताजी सुभाष, बीके दुबे, सोमेन दत्ता, एनके खवास, जेके साव, इंद्र मोहन सिंह, बीके साव, बीबी सिंह, बीके झा, रूपेश कुमार, चंदन कुमार शुक्ला, सुनील कुमार सिंह, एमपी महतो, आरएन चौधरी, अजीत कुमार मंडल, उमेश कुमार सिंह, सीपी पांडेय और विश्वजीत मुखर्जी सक्रियता के साथ तैयारियों में लगे हुए हैं।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, x सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।