Jharkhand: एसीबी ने वन विभाग के अमीन निरीक्षक सुधीर सिन्हा को किया गिरफ्तार, 540 एकड़ वन भूमि की हेराफेरी का आरोप

झारखंड
Spread the love

हजारीबाग। बड़ी खबर झारखंड के हजारीबाग से आ रही है, जहां पश्चिमी वन प्रमंडल के तत्कालीन अमीन निरीक्षक सुधीर कुमार सिन्हा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।

इस पर निगरानी थाने में 42/2010 के तहत मामला दर्ज है। इसके विरूद्ध भूमाफियाओं और स्थानीय लोगों की मिलीभगत से अपने पद से दुरुपयोग कर 540 एकड़ वन भूमि की बंदोबस्त करने का आरोप है। इससे वन विभाग का करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है।

अनुसंधान में इसके विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने पर एसीबी ने गिरफ्तारी की है। सुधीर कुमार सिन्हा पर आधा दर्जन प्राथमिकी दर्ज है। सुधीर कुमार सिन्हा पर निगरानी थाना में 16 सितंबर 2010 को मामला दर्ज हुआ था।

इस पर वन भूमि के नक्शे में छेड़छाड़ और ओवरराइटिंग कर जमीन को स्थानीय लोगों व भूमाफियाओं के नाम बंदोबस्त कराया था। यह कार्य आरोपी सुधीर कुमार सिन्हा ने अंचल कर्मचारियों से मिलकर किया था।

आरोपी सुधीर कुमार सिन्हा ने हजारीबाग पश्चिमी वन प्रमंडल के बरही थाना क्षेत्र के ग्राम आरादरी, कंडादाग, अडार, नावाडीहकला, बसाही, दौरवा, घियाही, तेतरिया, बंड़कागांव क्षेत्र के ग्राम बरियातु, कंडाबेर, जोराकाट एवं हजारीबाग वन्यप्राणी प्रमंडल के अंतर्गत इचाक थाना के ग्राम सिजुआ, टाटीझरिया थाना के ग्राम नारायणपुर, बेडमका के प्रमंडलीय नक्शा में छेड़छाड़, ओवरराइटिंग एवं हेराफेरी कर वन भूमि को वन सीमा से बाहर दिखाकर स्थानीय व्यक्तियों के द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण करने एवं भूमाफियाओं द्वारा अंचलाधिकारी एवं अंचल कर्मचारियों की मिलीभगत से 540 एकड़ भूमि की बंदोबस्ती कर वन विभाग को नुकसान पहुंचाया है।