सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल के समीप हुई गंगा आरती, व्रतियों ने तोड़ा व्रत

धर्म/अध्यात्म झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। उदयमान भगवान भाष्कर को अर्घ्‍य देने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का छठ महापर्व समाप्त हुआ। सोमवार को पारन करने के साथ ही व्रतियों ने व्रत तोड़ा। गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड के सभी भागों में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में छठ महापर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल पर लाखों की संख्या में छठ व्रतियों ने झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ छतीसगढ़, बिहार, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी पुहंचकर व्रत किया।

अपराह्न दो बजे से ही छठ व्रती सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल में पैदल और अपने वाहन से पहुंचने लगे थे। देखते-देखते एक-दो घंटे में ही सतबहिनी झरना तीर्थ का पूरा क्षेत्र छठ व्रतियों से भर गया। झरना घाटी में स्नान करने और भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रतियों में आपा-धापी देखी गयी। पैदल पार पथ पूल पर भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस व वोलेंटियर्स को काफी मसक्कत करते हुए देखा गया।

झरना घाटी से पश्चिम मेला मैदान की ओर जाने वाली रास्ता डेढ़ घंटे तक जाम रहा। पुलिस व वॉलंटियर्स ने बड़ी मुश्किल से जाम को हटाया। कांडी अंचलाधिकारी मोहम्मद अफजल आलम और थाना प्रभारी दीपक कुमार राणा पुलिस बल के साथ प्रखंड के सभी छठ घाटों का दौरा कर सुरक्षा का जायजा लेते देखे गए।

सतबहिनी झरना तीर्थ में स्वंय सेवी संस्था युवा संघर्ष सेना के तत्वावधान में गंगा आरती का आयोजन किया गया था। यहां बनारस से पधारे विद्वान पंडितों ने गंगा आरती की। गंगा आरती देखने के लिए पैदल पार पथ दोनों पूल पर काफी भीड़ देखी गयी। भक्ति जागरण का भी आयोजन किया गया था। लोक कलाकार कुणाल तिवारी व कई अन्य लोक कलाकारों ने भक्ति जागरण प्रस्तुत किया, जिसका लोगों ने पूरी रात जमकर लुफ्त उठाया।

मौके पर भाजपा नेता अजय कुमार सिंह, रामलला दुबे, शशिरंजन दुबे, प्रवीण सिंह, युवा संघर्ष सेना प्रमुख अनूप कुमार उपाध्याय उर्फ बड़ू उपाध्याय, केंद्रीय अध्यक्ष झुन्नू सिंह, उपाध्यक्ष ब्रह्मदयाल उपाध्याय, महासचिव विवेका पांडेय सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे। उधर कांडी पोखरा स्थित टेम्पल इन वाटर सूर्य मंदिर छठ घाट पर भी हजारों छठ व्रतियों ने भगवान भाष्कर को अर्घ्‍य दिया।

टेम्पल इन वाटर सूर्य मंदिर को फूल माला व बिजली लाइट से काफी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पोखरा के चारों ओर लगाए गए टेंट में छठ व्रती पूरी रात रुक कर अपनी-अपनी अनुष्ठान को पूरा किए। सोन व कोयल नदी के किनारे भी छठ पूजा का आयोजन किया गया था। जहां भारी संख्या में छठ व्रतियों ने व्रत किया।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।