
उत्तर प्रदेश। खबर उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या से है, जहां अयोध्या दीपोत्सव 2023 में जलाए गए दीयों से नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है। 22 लाख 23 हजार दीये जलाने का नया रिकॉर्ड अयोध्या में बना है। पिछला 18 लाख 81 हजार से ज्यादा दीयों का रिकॉर्ड था। दीयों की गणना ड्रोन कैमरे के जरिए की गई है।
बताते चलें कि, सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी पर जारी दीपोत्सव कार्यक्रम में लेजर शो के जरिए रामलीला दिखाई गई। सीएम योगी ने सरयू नदी की आरती की। वहीं, राम की पैड़ी पर लाखों दीये जलाये गए हैं। अलग-अलग घाटों पर 24 लाख से ज्यादा दीये जलाये गए हैं।
अयोध्या के राम कथा पार्क में चल रहे कार्यक्रम में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दीपोत्सव को सांस्कृतिक आंदोलन बताया। 50 से ज्यादा देशों के उच्चायुक्त, राजदूत समेत यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक कार्यक्रम में शामिल होने लिए पहुंचे।
सीएम योगी ने कहा कि हम सब भाग्यशाली हैं कि हम इस कार्यक्रम के साक्षी बने हैं। यह कार्यक्रम 100 देशों में लाइव देखा जा रहा है। आज से 7 साल पहले जब हमने अयोध्या दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया था। तब असमंजस की स्थिति थी। पूज्य संतों के सहयोग से, जनप्रतिनिथियों के सहयोग से यह कार्यक्रम देश और दुनिया का यूनिक इवेंट बन रहा है।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में 500 सालों के इंतजार खत्म हुआ है। हमने नई अयोध्या को बनते देखा है। भगवान राम को अयोध्या बेहद प्रिय है। डबल इंजन की सरकार भगवान राम के अनुसार ही इसे तैयार कर रही है। भगवान श्री राम को अयोध्या के लोग बहुत प्रिय है। हमारा भी कुछ दायित्व बनता है।
सीएम ने कहा कि अयोध्या धाम में इस समय ही केवल सरकार के स्तर पर तीस हजार 500 करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं। निजी क्षेत्र में भी काम चल रहा है। आने वाले समय में करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों का फायदा होगा। इससे यहां रोजगार के असीम अवसर भी मिलेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के साथ इस अयोध्या को भव्य बनाने के लिए साथ चलें। भगवान श्रीराम के भाव अनुरूप रामराज्य को साकार करेंगे।