रांची। बड़ी खबर ये आई है कि, रांची हिंसा के आरोपियों नवाब चिश्ती और मो. शकील उर्फ कारू से सीआईडी (अपराध अनुसंधान विभाग) की टीम जेल में पूछताछ करेगी। कोर्ट ने शुक्रवार को इसकी इजाजत दे दी। सीआईडी दोनों से डेली मार्केट थाना में दर्ज कांड संख्या 17/2022 से जुड़े मामले में पूछताछ करेगी।
बता दें कि, रांची हिंसा के बाद डेली मार्केट थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस केस के सूचक रांची के तत्कालीन टाउन सीओ अमित भगत हैं। उनके आवेदन के आधार पर दर्ज की गई प्राथमिकी में नदीम अंसारी, शाहबाज, शदाब, सद्दाम हुसैन, शबीर अंसारी, जमाल गद्दी समेत 22 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया।
वहीं करीब आठ से दस हजार अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। फिलहाल इस केस की जांच सीआईडी (अपराध अनुसंधान विभाग) कर रही है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि सोची-समझी साजिश के तहत 10 जून को रांची के मेन रोड में हिंसा की गई।
धार्मिक स्थल पर पथराव किया गया और तोड़फोड़ की गई। वहीं पुलिसकर्मियों से उनके हथियार छीनने की कोशिश की गई। उन पर जान लेने की नीयत से फायरिंग की गई। नवाब चिश्ती फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।