- झारखंड राज्य खाद्य आयोग ने मुखिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया
रांची। झारखंड राज्य खाद्य आयोग ने मुखिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन 5 अक्टूबर को किया। इसके तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के सफल क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए जरूरी जानकारी सभी मुखिया को दी गई।
रांची के समाहरणालय, ब्लॉक B कमरा संख्या 505 में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी और सदस्य श्रीमती शबनम परवीन थे। कार्यक्रम में अपर समाहर्त्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रांची, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित सम्बंधित विभाग पदाधिकारी और रांची जिला के विभिन्न प्रखंड से आये मुखिया उपस्थित हुए।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी अलबर्ट बिलुंग ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम- 2013 के प्रावधानों के संबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने वर्तमान समय में खाद्य आपूर्ति में होने वाली कठिनाइयों के बारे में बताया। उन्होंने जनवितरण प्रणाली के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित पात्रता को लेकर भी स्पष्ट किया। कहा कि वैसे लाभुक जो राशन कार्ड के योग्य नहीं है और वैसे राशन डीलर जो राशन की कालाबाजारी करते उनके सम्बन्ध में शिकायत दर्ज कराएं।
हिमांशु शेखर चौधरी ने इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा से संबंधित समस्याओं को लेकर झारखंड राज्य खाद्य आयोग को में शिकायत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य है कि लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाय। उन्होंने सभी मुखिया से आग्रह किया कि वे सभी अपने-अपने स्तर पर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
चौधरी ने सभी मुखिया से ग्राम पंचायत समिति की बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम- 2013 से जुडी योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया। इसके साथ ही अपने क्षेत्र को कुपोषण मुक्त बनाने, आकस्मिक खाद्यान कोष के इस्तेमाल, विद्यालयों में मध्याह्न भोजन, आंगनबाड़ी केंद्र में मिलने वाले पोषाहार सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित मुखिया द्वारा राशन डीलर, आंगनबाड़ी सेविका/साहियाकाओं को राशन वितरण के विवरण का सत्यापन संबंधी सुझाव दिए गए। मुखिया द्वारा दिए गये सुझावों पर सहमति जताते हुए उन्होंने उनके सुझाव की विभाग से अनुशंसा करने की बात कही।
खाद्यान्न /भोजन / राशि निर्धारित मात्रा में और ससमय नहीं मिलने पर यहां शिकायत करें
● अपने जिले में अपर समाहर्त्ता -सह- जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी (प्रत्येक जिला के समाहरणालय भवन में)
● राज्य में :- झारखंड राज्य खाद्य आयोग, रांची ।
● जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी के आदेश से संतुष्ट नहीं होने पर राज्य खाद्य आयोग के समक्ष अपील दायर की जा सकती है।
● झारखंड राज्य खाद्य आयोग के समक्ष निम्न माध्यमों से शिकायत-वाद / अपीलवाद दायर किये जा सकते हैं।
● व्हाट्सएप्प नंबर – 9142622194
● ईमेल- jharfoodcommission@gmail.com
● डाक के माध्यम से शिकायत दर्ज करने के लिए आयोग का पता-
झारखंड राज्य खाद्य आयोग, पता-झारखंड राज्य आवास बोर्ड के पुराने भवन का द्वितीय तल, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, रांची-834002
● ऑनलाईन शिकायत दर्ज करने के लिए आयोग की वेबसाइट www.jharkhandsfc.in
● इनके अतिरिक्त जानकारी प्राप्त करने के लिए आयोग के दूरभाष संख्या- 0651-2252267/2252261 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।
आपका अपना न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।