Bihar: तीन पत्नियां मर चुकीं, बेटा मरा तो बहू से संबंध बनाना चाह रहा था ससुर, विरोध की तो पिला दिया जहर

बिहार अपराध देश
Spread the love

बेतिया। बिहार के पश्चिमी चम्पारण के बेतिया में एक शख्स ने ससुर और बहू के रिश्ते को तार-तार कर दिया। वह अपने विधवा बहू से जबरन संबंध बनाना चाहता था। जब बहू ने इस बात का विरोध किया, तब उसने बहू को जहर पिला दिया। हालांकि पुलिस ने समय पर पहुंच कर महिला को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र की है। 

इलाजरत महिला ने बताया कि उसके ससुर और ससुराल के लोग जबरन उसे जहर पिला दिए और घर में मरने के लिए छोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित महिला ने पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही पुलिस आधे घंटे के अंदर मौके पर पहुंच गई और महिला को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित महिला को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। फिलहाल महिला की स्थिति ठीक है।

पीड़िता ने शिकारपुर थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में महिला ने बताया कि वह मुस्लिम जाति की है। वह अपने पास के गांव के एक हिन्दू युवक से प्यार करती थी। 2018 में उसने हिंदू रीति रिवाज से उसके साथ शादी कर ली, जिससे वह दो बच्चे की मां बन गई।

वह अपने पति और बच्चों के साथ ससुराल में खुशहाल थी। 2022 में एक सड़क हादसे में उसके पति की मौत हो गई। मौत होने के बाद से ही ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे और उसको घर छोड़ कर जाने के लिए उसपर अत्याचार करने लगे।

आवेदन में उसने बताया कि उसके ससुर की उम्र लगभग 60 साल है। उन्होंने तीन शादियां की थीं। तीनों पत्नियों की मौत हो चुकी है। 2022 में जब पीड़िता के पति की मौत हो गई, तो ससुर इसके साथ गलत संबंध बनाने के लिए दवाब देने लगे।

मना करने पर ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर मुझे प्रताड़ित करने लगे। महिला ने बताया कि ससुर उससे कहता था कि मेरे साथ संबंध बनाकर ही तुम घर में रह सकती हो। महिला इस अत्याचार से तंग आ गई थी।


जिस वजह से अब वह घर छोड़कर जाने के लिए मजबूर थी। जब उसने ससुर और ससुराल के लोगों से कहा कि उसके पति के नाम से जो जमीन और बाइक है उसको दे दें, तब वह घर छोड़कर चली जाएगी। इसी बात पर ससुर समेत ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट करने लगे। घर में रखे जहर की बोतल उसके मुंह में जबरन डालकर उसे जहर पिला दिया।

शिकारपुर थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि महिला ने आवेदन दिया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।