Bihar: आरजेडी विधायक के बिगड़े बोल, कहा- ‘कलेक्टर के मुंह पर थूक दो, फटे जूते की माला पहनाओ’

बिहार देश
Spread the love

पटना। हैरान कर देने वाली खबर बिहार से आ रही है। हमेशा अपने विवादित बयान के कारण चर्चा में रहने वाले आरजेडी विधायक सुधाकर सिंह ने राज्य सरकार और यहां के अधिकारियों पर विवादित बयान दिया है। इस बयान के बाद बवाल मचना तय माना जा रहा है।

विधायक ने कहा है, “यदि कोई कलेक्टर आपके पास आए, तो उसके मुंह पर थूक दो, कोई दफा नहीं लगेगा। वो आएं तो उनको फूलों की जगह जूतों की माला पहनाओ।” बता दें कि कैमूर जिले में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए सुधाकर सिंह ने ये विवादित बयान दिया है।

अपने संबोधन में आरजेडी विधायक ने लोगों से पूछा, नक्सली कौन हैं? फिर खुद जवाब देते हुए सुधाकर सिंह ने कहा, “जो कुर्सियों पर बैठकर आम लोगों व किसानों की बात नहीं सुनते हैं, वो नक्सली हैं। जंगलों में बागी व नक्सली नहीं रहते हैं, बल्कि कुर्सियों पर बैठने वाले लोग नक्सली हैं।”

आपको बता दें कि सुधाकर सिंह कैमूर की किसान भारत माला परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि की एक साल से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार में बैठे लोग और अधिकारी किसानों की बात को अनसूना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “काफी वक्त हो गया था और सरकार हमारी बातों को नहीं सुन रही थी, इसीलिए हमने कृषि मंत्री के पद से इस्तीफा दे दे दिया। हम लगातार किसानों के हक के लिए आवाज उठा रहे हैं, दम है, तो सरकार हमे बर्खास्त कर दें।”

सुधाकर सिंह ने आगे कहा, “हम तो गांधीवादी हैं। हम गांधी जी के रास्ते बता रहे हैं। जो बता रहे हैं उसको करके देखिएगा, अधिकारी इस्तीफा देकर न चला जाए तो कहिएगा। सिर फोड़िएगा तो 302 व 307 का दफा लगेगा। लेकिन थूक दीजिएगा मुंह पर तो कौन दफा लगेगा। यदि अधिकारी कहीं दिखे तो उसे अंगूठा दिखाइए।”