Bihar: छपरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प, पथराव के बाद तनाव

बिहार अपराध देश
Spread the love

छपरा। बड़ी खबर बिहार के छपरा (सारण) से आ रही है, जहां दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गयी। घटना भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नयी बाजार इलाके की है। जहां शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे दुर्गा प्रतिमा को लेकर विसर्जन के लिए श्रद्धालु जा रहे थे। इसी दौरान दो समुदायों के बीच किसी बात को लेकर विवाद छिड़ गया।

मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ने लगा और तनाव बढ़ गया। इसी दौरान पत्थरबाजी शुरू कर दी गयी। रोड़ेबाजी में कुल 5 लोगों के जख्मी होने की सूचना है, जिनका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिक्षक गौरव मंगला व डीएसपी संतोष कुमार, भगवान बाजार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले को शांत कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, भगवान नगर थाना क्षेत्र के नयी बाजार इलाके से मूर्ति विसर्जन शोभा यात्रा गुजर रही थी। अचानक किसी बात को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने हो गए। मामला गंभीर होता गया और फिर पत्थरबाजी शुरू हो गयी।

इस दौरान प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हुई, जिससे दूसरा पक्ष भी उग्र हो गया। यह विवाद बड़ी हिंसा का रूप ले सकता था। समय रहते पुलिस प्रशासन ने स्थिति को काबू में किया। खुद पुलिस कप्तान गौरव मंगला मौके पर पहुंचे और अपनी निगरानी में एक-एक प्रतिमा का विसर्जन कराया। फिलहाल स्थिति काबू में है और इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसबल की तैनाती कर दी गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।