रांची। छात्राओं में मासिक धर्म के समय स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट ने मंगलवार को कांके डैम स्थित बिरसा उच्च विद्यालय की 200 बालिकाओं के बीच 1000 सेनेटरी पैड का वितरण किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के पूर्व अध्यक्ष और जाने माने समाजसेवी रतन लाल अग्रवाल का स्वागत लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के वर्तमान अध्यक्ष नरेश कुमार ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रतन लाल अग्रवाल ने कहा कि नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के अनुसार देश में 15 से 25 साल तक की 62 फीसदी लड़कियां पीरियड्स के दौरान सेनेटरी नेपकिन का उपयोग नहीं करती हैं। चूंकि जागरुकता की कमी होने के कारण छात्राएं माहवारी के दौरान गंदे कपड़े का इस्तेमाल करती हैं और संक्रमण समेत अनेक बीमारियों की चपेट में आ जाती हैं।
महिलाओं द्वारा मासिक धर्म में गंदा कपड़ा इस्तेमाल करने से गंभीर बीमारियों के उत्पन्न होने का खतरा अधिक होता है। उन्होंने कहा कि सेनेटरी पैड में जीवाणुरोधी गुण पाए जाते हैं। पैड एक बार ही उपयोग में लाये जाते हैं, जिसकी वजह से बीमारी का खतरा कम हो जाता है।
बताते चलें कि, 200 छात्राओं के बीच निःशुल्क वितरित करने के लिए 1000 सेनेटरी पैड का उत्पादन लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट व वनिता कुटीर उद्योग के सौजन्य से किया गया था। वनिता कुटीर उद्योग की ओर से अति कम लागत पर स्कूली बच्चियों या कमजोर तबके की युवतियों महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।
वनिता कुटीर उद्योग इसे एक महाअभियान के रूप में चला रहा है, जिसे समाजसेवी सोहन लाल बंसल व उऩके परिवार समेत लायन व समाजसेवी सुनीता अग्रवाल का मार्गदर्शन व संरक्षण मिल रहा है।
इस मौके पर लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के अध्यक्ष नरेश कुमार, आशुतोष द्विवेदी, राजीव रंजन, नीरज कांत शाहा, स्कूल की प्राचार्या सुषमा तिवारी, सोनू कुमार, नरेश कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट व वनिता कुटीर उद्योग की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस पहल को अपनी शुभकामना देते हुए लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के अध्यक्ष नरेश कुमार ने कहा कि आने वाले दिनों में कई अन्य स्कूलों में भी बच्चियों के बीच सेनेटरी नेपकिन का वितरण कर नारी सशक्तीकरण की मूहिम को बल प्रदान किया जाएगा।