पटना। बेरोजगार युवकों के लिए सुनहरा मौका है। बिहार में एक दो नहीं, बल्कि 21,391 नए पुलिस जवानों की भर्ती होने वाली है। इनकी नियुक्ति का काम दिसंबर तक पूरा भी हो जाएगा।
लिखित परीक्षा (CSBC Bihar Police Constable Written Exam Date) के लिए पहले से ही तारीखों का एलान किया चुका है। सिपाही भर्ती के लिए केंद्रीय चयन पर्षद एक अक्टूबर, 7 अक्टूबर और 15 अक्टूबर को लिखित परीक्षा (Bihar Police Written Exam 2023) लेगा। हालांकि फिजिकल एग्जाम यानी शारीरिक परीक्षा के लिए बारिश के खत्म होने का इंतजार है। ऐसा इसलिए कि तब मैदान सूखा रहेगा और फिजिकल परीक्षा में उम्मीदवारों को दिक्कत नहीं होगी।
अनुमान है कि नवंबर में फिजिकल यानी शारीरिक जांच परीक्षा ली जा सकती है। इसके बाद दिसंबर में ये तय हो जाएगा कि वो 21 हजार 391 जवान कौन हैं, जिनकी किस्मत का ताला खुल गया। सीधे शब्दों में दिसंबर 2023 में बिहार पुलिस के कॉन्सटेबल भर्ती की मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
ADG मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार के अनुसार इस नई भर्ती के बाद साइबर, फॉरेसिंक विभाग, ट्रैफिक के साथ लॉ एंड ऑर्डर संभालने के लिए पुलिस जवान दिए जाएंगे। एक तरफ इससे अपराध पर अंकुश लगेगा, तो दूसरी तरफ साइबर और फॉरेसिंक डिपार्टमेंट को नए और ट्रेन्ड जवान मिलेंगे। जबकि यातायात और 112 नंबर के लिए भी इन्हीं जवानों में से स्टाफ चुने जाएंगे। इनके चुनाव के लिए पुलिस मुख्यालय में अलग से इंटरनल कमेटी भी है।
बिहार में कितनी पुलिस फोर्स
बिहार में अगर आप पुलिस बल की ताकत देखें तो ये सवा लाख के आसपास है। प्रति लाख लोगों पर बिहार में पुलिसकर्मियों का आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से फिलहाल काफी पीछे है। पूरा आंकड़ा कुछ ऐसे है…
- बिहार में स्वीकृत पुलिस बल की तादाद 2 लाख 27 हजार
- फिलहाल बिहार में में 1.20 लाख पुलिसकर्मी
- नई भर्ती के बाद फोर्स की तादाद बढ़ कर एक लाख 41 हजार
- एक लाख की आबादी पर 155 पुलिसवालों का राष्ट्रीय औसत
- बिहार में एक लाख पर फिलहाल 90 पुलिस कर्मी
- बिहार सरकार का एक लाख की आबादी पर 150 से 160 पुलिसवालों का लक्ष्य