निरामया हॉस्पिटल में हो रहा है मोतियाबिंद का मुफ्त ऑपरेशन, तीन लोगों ने फिर से देखी दुनिया, प्रकट किया आभार, देखें Video

झारखंड
Spread the love

रांची। मोतियाबिंद से परेशान लोगों के लिए खुशखबरी है। लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट की ओर से राजधानी रांची के कोकर स्थित निरामया हॉस्पिटल में मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन कराया जा रहा है। राज्य में कोई भी व्यक्ति मोतियाबिंद से पीड़ित ना रहे यह संकल्प लिया गया है। अगर आपको भी मुफ्त ऑपरेशन कराना है, तो लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के पूर्व अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल से संपर्क कर सकते हैं।

दो रोज पहले रांची के बुंडू और सिल्ली से पहुंचे करीब 25 मोतियाबिंद पीड़ितों का निरामया हॉस्पिटल में मुफ्त ऑपरेशन किया गया। इन मरीजों में तीन लोग ऐसे भी थे, जो बिल्कुल ही देख नहीं सकते थे। ऑपरेशन के बाद अब फिर से ये दुनिया देखने लगे।

दैनिक भारत 24.कॉम ने जब इस बाबत लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के पूर्व अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल से बात की, तो उनका कहना था मेरे लिए इऩ मरीजों की सेवा किसी तीर्थयात्रा से कम नहीं है। मेरा सारा जीवन इनकी सेवा में समर्पित है।

यहां बता दें कि निरामया हॉस्पिटल में मोतियाबिंद ऑपरेशन की खातिर पहुंचने वाले मरीजों के लिए सारी सुविधाएं मुफ्त हैं। मसलन ऑपरेशन, लेंस, चश्मा, दवा, खाना और रहने की व्यवस्था। यहां तक कि, मरीजों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट की ओर से फ्री में की जाती है।