राशन डीलर के खिलाफ थाना में FIR दर्ज, जानें पूरा मामला

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। राशन डीलर के खिलाफ थाना में एफआईआर (FIR) दर्ज कराया गया है। इस डीलर के खिलाफ लगातार शिकायत मिली रही थी। इसके बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जांच की। शिकायत सही पाए जाने पर यह कदम उठाया है। यह मामला झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत घटहुआं कला पंचायत के रतनगढ़ गांव स्थित ममता स्वयं सहायता समूह का है।

कांडी प्रखंड आपूर्ति पदा‍धिकारी मनोज कुमार तिवारी ने डीलर के खिलाफ कांडी थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। लाभुकों ने ममता स्वयं सहायता समूह के डीलर पर अंगूठा लगवाने के बावजूद चार माह से राशन नहीं देने का आरोप लगाया था।

लाभुको की शिकायत पर जांच करने पहुंचे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने आरोप सही पाया। उन्‍होंने जनवितरण प्रणाली दुकानदार ममता स्वयं सहायता समूह (लाइसेंस नंबर 56/11) की अध्यक्ष ममता देवी, सचिव शैल देवी, कोषाध्यक्ष मालती देवी एवं समूह के सदस्य उर्मिला देवी, राजमती देवी, ममजा देवी,सरिता देवी, कलावती देवी, प्रमिला देवी व शांति देवी यानी कुल 10 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

तिवारी ने कहा कि गरीबों का निवाला छीनने वाले डीलरों को किसी भी सूरत में बख्‍शा नहीं जायेगा। यदि वे अगस्त और सितंबर दोनों माह का राशन वितरण नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

प्रखंड आपूर्ति पदा‍धिकारी मनोज कुमार तिवारी

बताते चलें कि इन दिनों कांडी प्रखंड में डीलरों की मनमानी चरम पर है। सरकार के निर्देश के बावजूद डीलरों द्वारा लाभुकों से अगस्त और सितंबर माह का अंगूठा लगवाकर सिर्फ एक माह का राशन दिया जा रहा है।

एक सप्ताह पूर्व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा प्रखंड की सभी पंचायत में लाभुकों के बीच मानक के अनुरूप राशन वितरण करने को लेकर पंचायत सेवक व रोजगार सेवक की प्रतिनियुक्ति की गई थी। साथ में जनप्रतिनिधियों से भी राशन वितरण पारदर्शिता के साथ कराने का आग्रह किया था।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।

आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।