मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कहीं भी दौड़ लगा लें बचेंगे नहीं: बाबूलाल मरांडी

झारखंड
Spread the love

गिरिडीह। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने जबसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाली है, तब से वह पूरे फॉर्म में नजर आ रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को सरिया में बगोदर विधानसभा क्षेत्र की संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्ट, निकम्मी विकास विरोधी सरकार से झारखंड के विकास की उम्मीद बेमानी है। उन्होंने कहा कि राज्य में 10 हजार करोड़ के घोटाले उजागर हुए हैं। लोहा, कोयला, पत्थर की लूट हुई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में गरीबों, आदिवासियों की जमीन को मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने नाम बदल-बदल कर लूटा है। लूट की जांच ईडी, सीबीआई कर रही है। कई बड़े ऑफिसर गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ईडी के दफ्तर जाने से घबरा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगा रहे हैं कि, मुझे बचाइए, लेकिन ये मोदी सरकार है, जिसने लाल किले से न खाएंगे न खाने देंगे की कसम खाई है। मुख्यमंत्री कहीं भी दौड़ लगा लें, बचेंगे नहीं।

मरांडी ने कहा कि किसी भी ऑफिस में आज बिना पैसे का कोई काम नहीं होता। मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी पैसे देने पड़ते हैं। राशन कार्ड में बहू का नाम भी बिना पैसे का नहीं चढ़ता। छोटे काम के लिए भी हजारों में घूस देने पड़ रहे हैं। हेमंत सरकार सड़कों की मरम्मत भी नहीं करवा रही। विद्यालयों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर्स नहीं, दवाई नहीं, गरीबों को एंबुलेंस नहीं। हेमंत सरकार केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए अनाज को भी लूटवा रही है।

उन्होंने कहा कि झारखंड भाजपा सरकार की देन है। अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य को बनाया। उनकी सरकार ने राज्य में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाईं। सर्व शिक्षा अभियान से गांव के युवक-युवतियों को पारा शिक्षक नियुक्त किया। पुल-पुलियों का जाल बिछाया। पिछले 9 वर्षों से मोदी सरकार ने झारखंड में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए।

पांच मेडिकल कॉलेज, देवघर में एम्स, हवाई अड्डा, बड़े-बड़े हाईवे का निर्माण कराया। मरांडी ने 2024 में केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जिताने और राज्य में भी भाजपा की मजबूत सरकार बनाने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूजज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।

आपका अपना न्यूढज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाुग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।