फुल ड्रेस में कल होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम रिहर्सल

झारखंड
Spread the love

लोहरदगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल की अध्यक्षता में बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में शनिवार को हुई।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस-2023 के मुख्य समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें बीएस कॉलेज स्थित स्टेडियम में मुख्य मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर चर्चा हुई। संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये।

अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि बीएस कॉलेज स्थित स्टेडियम में 13 अगस्त 2023 को सुबह 10 बजे इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह को होने वाली परेड और सम्मान समारोह का अंतिम रिहर्सल फुल ड्रेस में होगा। इसमें कार्यक्रम को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को पूरी तैयारी किये जाने के निर्देश दिये।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 14 अगस्‍त, 2023 को नया नगर भवन में शाम 5.30 बजे से प्रारंभ होगा। जिला प्रशासन द्वारा पाईका एवं छऊ नृत्य से जुड़े कलाकारों की ओर प्रस्तुति का भी आयोजन किया गया है। जिन छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी, उन्हें शाम 4.45 बजे तक कार्यक्रम स्थल में पहुंचने का आदेश दिया गया।

हर घर तिरंगा अंतर्गत 14 अगस्‍त, 2023 के पूर्वाहन 6.30 बजे जिला प्रशासन की ओर से तिरंगा यात्रा के आयोजन की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की।

आज की बैठक में प्रशासक नगर परिषद, जिला मत्स्य पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, डीडीएमओ समेत अन्य दंडाधिकारी उपस्थित थे।