ड्राइवर की झपकी ने ले ली सात लोगों की जान, रजरप्पा से पूजा कर बिहार लौट रहा था परिवार

बिहार देश
Spread the love

सासाराम। झारखंड के रजरप्पा मंदिर से पूजा कर लौट रहा परिवार बिहार में दुर्घटना का शिकार हो गया। बुधवार की सुबह शिवसागर थाना क्षेत्र के पखनारी पेट्रोल पंप के पास एनएच दो पर एक कंटेनर में स्कॉर्पियो की टक्कर होने से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी, दो बच्चे और भतीजी शामिल हैं। पांच लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं।

बिहार के कैमूर जिला के सबार थाना के कुडियारी निवासी सुदेश्वर शर्मा स्कॉर्पियो खरीदने के बाद अपने बेटा, बेटी, दामाद और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोमवार को झारखंड के रामगढ़ जिला के रजरप्पा स्थित मां छिन्मस्तिका देवी का दर्शन कर बोधगया होते हुए बुधवार की सुबह अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक को नींद आ गई। जिसके बाद उसने आगे जा रहे एक कंटेनर में टक्कर मार दी। इससे सात लोगों की मौत हो गई और पांच जख्मी हैं।

मृतकों में 55 वर्षीय राजमती देवी, उनके 65 वर्षीय पति सुधेश्वर शर्मा, उनके दामाद व कैमूर जिला के मोहनिया थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी अरविन्द शर्मा 40 वर्ष, पिता सरयू प्रसाद शर्मा, अरविंद शर्मा की पत्नी सोनी कुमारी 35 वर्ष, पुत्र आदित्य कुमार आठ वर्ष व पुत्री रिया कुमारी नौ वर्ष, भतीजी तारा कुमारी 22 वर्ष व चांदनी कुमारी 15 वर्ष पिता अरुण कुमार शामिल हैं।

वहीं घायलों में सिदेश्वर शर्मा, रविनंदन प्रियदर्शी 30 वर्ष, रितु शर्मा 14 वर्ष, दिव्या कुमारी 26 वर्ष व उपेंद्र शर्मा 32 वर्ष शामिल हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल सासाराम में प्रारंभिक इलाज के बाद वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया है। इसमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जाती है।

घटना में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर स्थानीय थाने की पुलिस दो घंटे बाद पहुंचीं। जबकि डायल 112 और टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग गाड़ी घटना स्थल पर 30 मिनट में पहुंच गई। पेट्रोल पंप के कर्मियों ने बताया कि थाने का सरकारी नंबर बंद था, जिसके बाद डायल 112 और टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग गाड़ी को सूचना दी गई।

टोल प्लाजा की हाईड्रा गाड़ी से स्कॉर्पियो को कंटेनर से बाहर खींच कर निकाला गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।

सिद्धेश्वर शर्मा ने स्कॉर्पियो गाड़ी तीन दिन पहले ही खरीदी थी। जिसकी पूजा करने अपने स्वजनों के साथ रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका देवी गए थे। वहां से पूजा कर मंगलवार को गया और बोधगया में दर्शन के लिए रुक गए।

इसके बाद वे बुधवार की सुबह बोधगया से गांव के लिए निकले थे। पुलिस का मानना है कि लगभग चार बजे सुबह में चालक को नींद आने के कारण स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक कंटेनर से जा टकराई।

सात सीट की क्षमता वाली स्कार्पियो में 12 लोग सवार थे। वाहन खरीदने की खुशी में नजदीकी लोगों को रजरप्पा और बोधगया दर्शन पूजन के लिए निमंत्रित किया गया था। स्कार्पियो में सिद्धेशर शर्मा, उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्रवधु, बेटी, दामाद और उनके दो बच्चे, दो भतीजी और पुत्रवधु के भाई सवार थे।