झामुमो के आरोप पर बोले बाबूलाल, संथाल परगना बिल्डर्स कंपनी पर एफआईआर दर्ज कर संपत्ति करें जब्त

राजनीति झारखंड
Spread the love

  • हेमंत सोरेन परिवार ने पाप किया है, जेल तो जाना ही पड़ेगा

दुमका। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोला। वे संकल्प यात्रा के क्रम में 26 अगस्‍त को झारखंड की उप राजधानी दुमका की धरती से वहां की जनता को संबोधित कर रहे थे। झामुमो के आरोप पर उन्‍होंने कहा कि हेमंत सरकार संथाल परगना बिल्डर्स कंपनी पर एफआईआर दर्ज कर संपत्ति जब्त करे।

प्रदेश अध्यक्ष ने झामुमो और हेमंत सरकार पर प्रहार कि‍या। कहा कि संथाल परगना बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर ओछी राजनीति करना झामुमो बंद करे। झामुमो की सरकार है। पुलिस प्रशासन है। सीधे कार्रवाई करें। एफआईआर करें। जिसने विधि विरुद्ध काम किया है, अपराध किया है, उसकी संपत्ति जब्त करें।

मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है। जब-जब भाजपा की सरकार बनती है तो विकास की चर्चा होती है। जब झामुमो, कांग्रेस राजद की सरकार बनती है, तब भ्रष्टाचार की चर्चा होती है।

बाबूलाल ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वे बताएं साढ़े तीन वर्षों में उन्होंने राज्य में विकास का कौन सा कार्य किया है। संथाल की धरती को भाजपा की सरकार ने विकास से जोड़ा। अटल जी ने संथाली भाषा को 8वीं अनुसूची में शामिल कराया। आदिवासी मंत्रालय बनाया। गांव को प्रधानमंत्री सड़क योजना से जोड़ा। आज नरेंद्र मोदी सरकार ने दुमका में मेडिकल कालेज दिया। देवघर में एम्स स्थापित किए। देवघर में हवाई अड्डा बनाया। दुमका, गोड्डा सभी को रेलवे लाइन से जोड़ा।

पूर्व सीएम ने कहा कि झारखंड में आज जो भी विकास दिख रहा वह भाजपा सरकार की देन है। झामुमो ने तो अलग राज्य आंदोलन को भी बेचकर नरसिम्हा राव सरकार से पैसा ले लिया, जिसके कारण शिबू सोरेन को तिहाड़ जेल भी जाना पड़ा। झामुमो, कांग्रेस, राजद को राज्य के विकास से नही अपने परिवार के विकास की चिंता है।

बाबूलाल ने कहा कि हेमंत सोरेन परिवार खुद भ्रष्टाचार में डूबा है। भ्रष्टाचारियों को संरक्षण भी दे रहा है। आलम यह है कि परिवार ने भ्रष्टाचार के क्षेत्र का भी बंटवारा कर लिया है। रेलवे साइडिंग भी अपने परिवार में सीता सोरेन, बसंत सोरेन के नाम से बांट लिए हैं।

हेमंत सोरेन को बताना चाहिए कि इतनी संपत्ति कहां से अर्जित की। ईडी पूछ रही तो साफ-साफ बता दें, लेकिन ये भयभीत हैं। सुप्रीम कोर्ट जा रहे। महंगे वकील रख कर पैरवी करा रहे। प्रधानमंत्री ने लाल किले से कहा है न खायेंगे, न खाने देंगे।

बाबूलाल ने कहा कि आज राज्य में अपराधी, भ्रष्टाचारी बेलगाम हैं। बिना पैसे का कोई काम नहीं होता। यहां तो मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भी पैसे देने पड़ते हैं। मोदी सरकार द्वारा गरीबों के लिए भेजे गए अनाज की भी कालाबाजारी हो रही। मुख्यमंत्री के क्षेत्र में गरीबों के अनाज की लूट हुई।

कहा कि राज्य में हत्या, लूट, बलात्कार चरम पर है। पुलिस वसूली में लगी है। कहा कि हेमंत सरकार में अपराधी, भ्रष्टाचारियों की हिम्मत बढ़ गई है। आज अपराधियों पर मुकदमे नहीं होते, बल्कि अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने वालों पर मुकदमे दर्ज होते हैं।

पूर्व सीएम ने कहा राज्य से हेमंत सरकार को हटाए बिना विकास संभव नहीं। जनता से राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए, भय, भूख भ्रष्टाचार मुक्त देश और प्रदेश के लिए भाजपा को समर्थन देने, जीताने का आह्वान किया। यह संकल्प यात्रा राज्य में गरीब कल्याण, सुशासन और विकास को स्थापित करने केलिए है।

पूर्व सीएम ने 2024 में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनाने और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने केलिए संकल्पित होने का आह्वान किया। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, सांसद सुनील सोरेन, पूर्व मंत्री लुइस मरांडी, जिलाध्यक्ष परितोष सोरेन, निवास मंडल, सत्येंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।

  • खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।
  • आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।