संसदीय राजभाषा समिति ने सीसीएल की गतिविधियों का किया निरीक्षण

झारखंड
Spread the love

रांची। संसदीय राजभाषा समिति की तीसरी उपसमिति द्वारा 13 से 15 जुलाई, 2023 तक रांची एवं इसके आसपास स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में 15 जुलाई को सेन्‍ट्रल कोलफील्‍डस लिमिटेड (सीसीएल) का निरीक्षण रांची में किया गया।

इस अवसर पर संसदीय राजभाषा समिति की तीसरी उपसमिति की ओर से संयोजक डॉ मनोज राजोरिया, संसद सदस्य (लोकसभा), डॉ अमी याज्ञिक, संसद सदस्य (राज्यसभा), श्रीमती कांता कर्दम, संसद सदस्य (राज्यसभा), सुश्री सरोज पांडेय, संसद सदस्य (राज्यसभा) उपस्थित थे। सीसीएल की ओर से निदेशक (कार्मिक) हर्ष नाथ मिश्र, विभागाध्‍यक्ष (राजभाषा) संजय कुमार सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में समिति के उपस्थित सभी सदस्‍यों ने कंपनी के कार्यकलापों का निरीक्षण किया। कहा कि संसदीय राजभाषा समिति के उद्देश्‍यों की पूर्ति के लिए सभी की सहभागिता अनिवार्य है। उन्‍होंने राजभाषा कार्य की प्रगति के निरीक्षण का कार्य सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्‍यक दिशा-निर्देश भी दिये।

इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक) हर्ष नाथ मिश्र ने सदस्‍यों का स्‍वागत किया। सीसीएल की राजभाषा की गतिविधियों एवं उपलब्धियों से समिति के सदस्‍यों को अवगत कराया। उन्‍होंने कहा कि हिन्‍दी हमारी संस्‍कृति से जुड़ी हुई है। इसका विकास करना हम सभी की नैतिक जिम्‍मेदारी है।

सीसीएल प्रबंधन की ओर से सदस्‍यों को आश्‍वस्‍त किया गया कि दिये गये दिशा-निर्देशों का पालन पूर्णरूपेण किया जा रहा है। हिन्‍दी के उतरोंत्‍तर विकास के लिए सभी उचित कदम उठायें जायेंगे।

इस अवसर पर राजभाषा प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें राजभाषा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में सीसीएल के राजभाषा एवं अन्‍य का योगदान रहा।