लखीसराय। बड़ी खबर बिहार के लखीसराय से आयी है। यहां पुलिस की एसआईटी टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। एसआईटी की टीम ने टॉप टेन में शामिल इनामी कुख्यात अपराधी बंटी झा को मुंगेर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। कुख्यात अपराधी बंटी झा पर अपहरण कर हत्या के दो मामले समेत आर्म्स एक्ट, रंगदारी के आधा दर्जन मामले में बड़हिया पुलिस तलाश कर रही थी।
एसपी पंकज कुमार ने बताया कि कुख्यात बंटी झा 2021 में बड़हिया निवासी भरत राम की हत्या के बाद फरार चल रहा था। इसी कड़ी में बंटी झा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर पुलिस को खुली चुनौती दी, जिसके बाद एएसपी रौशन कुमार, बड़हिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार, सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष राजीव कुमार एवं डीआईयू प्रभारी शशिभूषण, आयुष कुमार, सौरभ कुमार, तारकेश्वर सिंह, अनामिका कुमारी और विभूति के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। इसके बाद तकनीकी अनुसंधान के क्रम में पुलिस को इनपुट मिला कि बंटी झा बनारस से अपनी बहन के ससुराल मुंगेर जिले के गढ़ी महमदा गांव पहुंचा है।
पुलिस ने घेराबंदी कर बंटी झा को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बंटी झा ने पुलिस को देखकर छत से कूदकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान बंटी झा के पैर में चोट भी आयी।
एसपी पंकज कुमार ने बताया कि बंटी झा के द्वारा 2014 में बड़हिया निवासी गोलू कुमार का अपहरण कर हत्या की घटना का अंजाम दिया था। इस घटना के बाद विधि-व्यवस्था की समस्या बड़हिया थाना क्षेत्र में उत्पन्न हो चुकी थी।
बड़हिया थाना में बंटी झा के विरुद्ध कुल आधा दर्जन मामले दर्ज हैं, जिसमें बड़हिया कांड संख्या 24/14 हत्या, 162/16 27 आर्म्स एक्ट, 74/21,कांड संख्या 78/21, 114/21,165/12 दर्ज है। इसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। आगे पुलिस पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार करने में जुटी है।
इस सफल गिरफ्तारी में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। एसपी पंकज कुमार ने बताया कि बड़हिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार एवं बड़हिया पुलिस टीम के द्वारा लगातार दर्जनों टॉप टेन सहित कई मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। इससे जिले में क्राइम कंट्रोल के साथ-साथ अपराधियों में खौफ उत्पन्न हुआ है, जो कि सराहनीय कार्य है। इसके लिए बड़हिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार एवं पूरी टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।