शिंदे सरकार ने शामिल होते अजीत पवार ने किया बड़ा दावा, शरद ने कही ये बातें

राजनीति देश मुंबई
Spread the love

मुंबई। महाराष्‍ट्र की‍ शिंदे सरकार में एनसीपी के अजीत पवार शामिल हो गए। उन्‍होंने उपमुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद उन्‍होंने बड़ा दावा किया है। एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी अपनी बातें रखीं।

महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि आज हमने महाराष्ट्र सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है। मंत्री पद की शपथ ली है। विभागों पर बाद में चर्चा होगी। राष्ट्रीय स्तर पर सभी पहलुओं पर विचार करते हुए हमने ये फैसला लिया है।

पवार ने कहा कि हमने आज शपथ ली और अगले विस्तार में कुछ अन्य मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। पार्टी के नाते हमने ये फैसला लिया है। पूरे विधायक हमारे साथ हैं, पार्टी के सांसद हमारे साथ हैं। पार्टी के कार्यकर्ता हमारे साथ हैं।

अजीत ने कहा कि कई लोग हमारी आलोचना करेंगे, परंतु हम उसे महत्व नहीं देते। हम महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करते रहेंगे। इसीलिए हमने यह निर्णय लिया है। हमारे अधिकांश विधायक हमारे फैसले से संतुष्ट हैं। हम सभी चुनाव एनसीपी के नाम पर ही लड़ेंगे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जब किसी कर्मठ नेता-कार्यकर्ता को दबाया जाता है, तब ऐसी घटना होती है। अजीत पवार एक काम करने वाले नेता है। विकास के ऊपर विश्वास रखने वाले नेता हैं। इसलिए सबने उनका साथ दिया है।

शिंदे ने कहा कि हमारा उद्देश्य सत्ता नहीं है, जैसे 2019 में सत्ता की लालच में लोगों की जनमत को ठुकराया। बाला साहेब ठाकरे के विचार को तोड़ मरोड़ दिया और कुर्सी पर बैठ गए। ऐसी सत्ता की लालच हमें नहीं है। हमारा एजेंडा है कि महाराष्ट्र की जनता को न्याय मिले।

शरद पवार ने कहा कि दो दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एनसीपी के बारे कहा था कि एनसीपी खत्म हो चुकी पार्टी है। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया। मुझे खुशी है कि मेरे कुछ साथियों ने आज शपथ ली है। उनका सरकार (महाराष्ट्र) में शामिल होने से यह स्पष्ट है कि वे सभी आरोप मुक्त हो गए हैं।

उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने कहा कि यह प्रक्रिया चल रही थी। हमें पहले से पता था। इस बारे में मैंने पहले भी कहा था कि यह हो सकता है। एकनाथ शिंदे के उपर जो डिस्क्वालिफिकेशन की तलवार लटक रही थी, वो जल्द ही गिरने वाली है। उनके साथ 16 विधायक जो गए थे, वे डिस्क्वालिफाई हो जाएंगे। अभी कुछ दिनों में महाराष्ट्र को एक और मुख्यमंत्री मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि अजीत पवार काफी समय से नाराज चल रहे थे। वे चाहते थे कि भाजपा के साथ उनका गठबंधन होना चाहिए, लेकिन शरद पवार नहीं चाहते थे। यह बेहद बड़ा परिवर्तन है। महा विकास अघाड़ी को धक्का लगा है।

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि भाजपा केंद्र में बैठकर शक्ति का इस्तेमाल कैसे करती है। ये स्पष्ट हो चुका है। आज महाराष्ट्र में जो तमाशा भाजपा ने बनाया है, भाजपा सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है। किसी का भी घर तोड़ सकती है।