राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा-2023 में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के 25 विद्यार्थी सफल

झारखंड
Spread the love

रांची। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (आईसीएआर) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट)–2023 में झारखंड के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के 25 विद्यार्थी सफल हुए। परीक्षा में बीएयू के अधीन पीजी एवं पीएचडी पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत एवं पूर्ववर्ती स्नातक छात्रों में कृषि संकाय से 15, वानिकी संकाय से 3, वेटनरी संकाय से 7 विद्यार्थी सफल हुए हैं। I कृषि वैज्ञानिक चयन मंडल (एएसआरबी), नई दिल्ली यह परीक्षा आयोजित करता है।

इस वर्ष कृषि संकाय के दो छात्रों सिमरन सिम्ब्रुई एवं दीपक मिश्रा और वानिकी संकाय से डॉ अभय कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर दोहरी सफलता हासिल की है। उन्होंने यूजीसी नेट परीक्षा 2023 को भी क्वालीफाई किया है। डॉ अभय कुमार ने लगातार पांचवे वर्ष एएसआरबी–आईसीएआर नेट परीक्षा क्वालीफाई की है।

सफल छात्रों में कृषि संकाय के मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग से पल्लवी भारती एवं वर्षा कुमारी, शस्य विज्ञान विभाग से पीयूष कुमार जयसवाल, चित्रोंपाला देहुरी एवं सिमरन सिम्ब्रुई, कीट विज्ञान विभाग से राहुल साहू एवं आकाश गौरव, आनुवंशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग से अर्जुन कुमार अग्रवाल, रौनक कुमार, सुरभि सिन्हा एवं दीपक कुमार मिश्रा, पौधा रोग विभाग से ज्योति कुमारी, कृषि मौसम एवं पर्यावरण विभाग से सत्य प्रज्ञान कार, उद्यान विभाग से नवीन कुमार रंजन के अलावा प्रिया पल्लवी शामिल हैं।

वानिकी संकाय से कृषि वानिकी से डॉ अभय कुमार, अंकित कुमार झा और पूर्व पीजी छात्रा अंशु कुमारी शामिल हैं। अंशु कुमारी वर्तमान में वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून में पीएचडी (कृषि वानिकी) कर रही है।

वेटनरी संकाय से दो पूर्ववर्ती छात्रों में डॉ पवन कुमार वर्मा (पशु उत्पादन एवं प्रबंधन) और डॉ सुजीत उमर (गर्भ विज्ञान) ने आईसीएआर नेट परीक्षा क्वालीफाई किया है।

राज्य के एकमात्र मात्स्यिकी विज्ञान महाविद्यालय, गुमला के पहले सत्र (2017-21) के पांच स्नातकधारी पूर्ववर्त्ती छात्रों एवं देश के प्रतिष्ठित मात्स्यिकी महाविद्यालयों में पीजी पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं में विजय कुमार गुप्ता (मत्स्य संसाधन), किशुन सोरेन (मत्स्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी), सूरज कुमार (जलीय जीव एवं स्वास्थ्य प्रबंधन), रंजू कुमारी (मत्स्य पोषण एवं आहार प्रौद्योगिकी) और काजल कुमारी (मत्स्य फिजियोलॉजी एवं बायोकेमिस्ट्री) को सफलता हासिल हुई है।

विश्वविद्यालय छात्रों की इस सफलता पर कुलपति डॉ. ओंकार नाथ सिंह ने ख़ुशी जाहिर की। सफल छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय जीवन की शुभकामना दी है।

बीएयू छात्रों की इस बड़ी सफलता पर डॉ एमएस मल्लिक, डॉ सुशील प्रसाद, डॉ डीके शाही, डॉ पीके सिंह, डॉ एस कर्माकार, डॉ एके सिंह, डॉ बीके अग्रवाल, डॉ मनिगोपा चक्रवर्ती, डॉ रमेश कुमार के अलावा डॉ संयत मिश्रा, डॉ बीके झा, डॉ एचसी लाल सहित अनेकों शिक्षकों ने भी बधाई दी।