गृह जिला स्थानांतरण के लिए लंबे समय से थे प्रयासरत, तबादले से पहले शिक्षक की हो गई मृत्‍यु

झारखंड
Spread the love

  • देवघर में पदस्‍थापित गिरिडीह के रहने वाले कन्हैया प्रसाद यादव ने रिम्‍स में ली अंतिम सांस

रांची। गृह जिला स्थानांतरण के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। तबादले से पहले ही शिक्षक की मृत्‍यु हो गई। देवघर में पदस्‍थापित गिरिडीह के रहने वाले शिक्षक कन्हैया प्रसाद यादव ने रिम्‍स में 28 जून को अंतिम सांस ली। उनकी असामयिक मृत्‍यु से शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई।

एकीकृत गृह जिला स्थानांतरण शिक्षक संघ के प्रदेश प्रभारी दिलीप कुमार राय ने शोक व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। राय ने बताया कि कन्हैया लंबे समय से गृह जिला स्थानांतरण को लेकर प्रयासरत थे। सरकार अविलंब उचित मुआवजा एवं परिजनों को जल्द से जल्द नौकरी दे।

जानकारी हो कि शिक्षक कन्हैया प्रसाद यादव का गृह जिला गिरीडीह था। वे गिरिडीह के बगोदर के ग्राम कपिलो के रहने वाले थे। देवघर जिले के देवीपुर प्रखंड अंतर्गत उमवि बंदगारी में पदस्थापित थे। वे 26 जून, 2023 को विद्यालय अवधि के बाद देवीपुर डेरा आ रहे थे। इस क्रम में किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से धक्का मार दि‍या। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

शिक्षक साथियों के सहयोग से आनन फानन में उन्‍हें सदर अस्पताल देवघर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक होने के कारण मेडिका रांची में भर्ती कराया गया है। स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने रिम्स रांची में भर्ती कराने की सलाह दी। हालांकि आज सुबह रिम्स में उनकी मृत्‍यु हो गई।