पर्यावरण पखवाड़ा के तहत पेट्रोल पंप परिसर में लगाए पौधे

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। पर्यावरण पखवाड़ा के तहत बीएस कॉलेज के पास बर्मन हाइवे पेट्रोल पंप परिसर में पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर आईएमए सह साइंस फ़ॉर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ गणेश प्रसाद, सड़क सुरक्षा समिति सदस्य संजय बर्मन एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव अरुण राम ने संयुक्त रूप से अपराजिता के पौधे लगाए।

मौके पर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ गणेश प्रसाद ने बताया कि भारत की जनसंख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। बढ़ती आबादी की जरूरतों की पूर्ति के लिये अंधाधुंध पेड़ों की कटाई हो रही है। जंगल का अनुपात घट रहा है। इसके कारण मौसम में बदलाव, अत्यधिक गर्मी बरसात सहित कई विपदाओं का सामना करना पड़ रहा है। यही स्थिति रहेगी तो आनेवाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण खतरा बन जएगा।

डॉ प्रसाद ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पेड़ लगाना होगा। हम सभी को सामाजिक कार्यक्रम शादी, जीवन मरण, जन्मदिन, वर्षगांठ या किसी भी समारोह में पौधे को उपहार के रूप में देना, पौधा लगाना एवं संरक्षण करना होगा। तभी पर्यावरण को संरक्षित कर पाएंगे।

सड़क सुरक्षा समिति सदस्य संजय बर्मन ने बतलाया कि जंगल की कमी होने के साथ ही कई जीव जंतु विलुप्त हो रहे हैं। उन जीवों को बचाये रखने के लिए पौधे लगाना जरूरी है। जितना हो सके पर्यावरण को बचाएं। दैनिक जीवन में इन चीजों को बढ़ावा दें।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव अरुण राम ने बताया कि प्लास्टिक का उपयोग पर्यावरण के लिए खतरा है। प्लास्टिक को इधर उधर फेंकने से जमीन बंजर हो जा रही है। जानवर के खाने से जानवर बीमार हो रहा है। जलाशयों में जाने से जल प्रदूषित हो रहा है। इसलिए प्लास्टिक का बहिष्कार करें।

इस अवसर पर साइंस फ़ॉर सोसाइटी के कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार, समन्वयक आलोक कुमार, श्रेया शर्मा, शाक्षी शर्मा, पेट्रोल पम्प कर्मी सोनिया उरांव, सुरेंद्र उरांव, आकाश भगत अमित सोनी ने भी परिसर में कपूर, इलायची, हींग रुद्राक्ष, लेमन ग्रास, लवंग, जायफल, सेव, अंगूर, काजू आदि उपयोगी पौधे लगाये।