रांची। झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) में जांच अभियान चलाया गया। इस क्रम में टैक्स डिफॉल्टर और ओवरलोडेड वाहनों की जांच की गई। बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र, परमिट, हेलमेट, लाइसेंस और वाहन संबंधी अन्य कागजातों की भी जांच हुई। इस क्रम में 19 वाहनों से 1.26 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
खेलगांव में चला जांच अभियान
रांची जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश ने रांची के खेलगांव क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान टैक्स डिफॉल्टर्स, ओवरलोडेड, बिना परमिट, प्रदूषण प्रमाण, बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट, सवारी गाड़ी में क्षमता से अधिक यात्री बैठाने एवं वाहन संबंधी अन्य कागजातों की जांच जिला परिवहन पदाधिकारी ने की।
137 वाहनों की जांच की गई
अभियान के दौरान 137 वाहनों की जांच की गई। बारी-बारी से सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच हुई। इसमें 19 वाहनों के कागजात सही नहीं पाए गए। कुल 19 वाहनों (मालवाहक वाहनों, हाइवा, सवारी वाहन, दो पहिया आदि) से 1 लाख 26 हजार 750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वाहन के कागजात अपडेट रखें
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि वाहनों की जांच निरंतर जारी रहेगी। सभी वाहन स्वामियों/चालकों से वाहन संबंधित सभी कागजात अद्यतन रखने को कहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि वाहनों में लदान क्षमता के अनुसार ही परिवहन करें। प्रकाश ने कहा कि सवारी वाहनों में भी क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर कार्रवाई की जाएगी।