मन का मिलन पखवाड़ा को लेकर लोगों को किया गया जागरूक

झारखंड
Spread the love

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड पोबी में जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह के आदेश पर मन का मिलन पखवाड़ा के तहत कानूनी जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को किया गया। जमुआ विधिक सहायता केंद्र प्रखंड कार्यालय के पीएलबी सुबोध् कुमार साव ने लोगों को मन का मिलन पखवाड़ा के संबंध मे विस्तृत जानकारी दी।

पीएलबी ने बताया कि 29 मई से 14 जून तक मन का मिलन पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह में हो रहा है। इसके तहत जिले के लोग लंबित, पुराने-नये मामले, वाद विवाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति और सुलह से निपटा सकते हैं।

इससे लोगों को सुलभ और जल्द न्याय बिना किसी खर्चे के मिल सकेगा। इस कार्यक्रम में मुफ्त परामर्श की सेवाएं दी जाती है। कार्यक्रम 14 जून तक सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। डालसा से प्राप्त पर्चा लोगों के बीच वितरण किया गया।

राष्ट्रीय मनवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के जिलाध्यक्ष योगेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि‍ पति-पत्नी के मतभेद में ससुराल पक्ष का इगो और मायके वालों की अनर्गल दखलंदाजी से वैवाहिक जिंदगी में बिखराव पैदा होता है। मन में एक दूजे के प्रति घृणा, ईर्ष्या, द्वेष को त्याग कर मन का मिलन पखवाड़ा का लाभ उठाए।

उक्त अवसर पर वार्ड सदस्य दिलीप कुमार पासवान, पोस्टमैन राजकुमार राम, लखन साव, प्रमिला देवी, अर्जुन राम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।