शिवसेना सांसद संजय राऊत को धमकी देने वाला कोई और नहीं, उन्हीं का दोस्त निकला, पुलिस ने किया गिरफ्तार, भाजपा ने की ये मांग

मुंबई अपराध देश
Spread the love

मुंबई। शिवसेना सांसद संजय राऊत को धमकी देने के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने मयूर शिंदे को गिरफ्तार किया है। मयूर शिंदे के साथ संजय राऊत की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर भाजपा ने अब संजय राऊत पर मामला दर्ज करने की मांग की है।

बता दें कि संजय राऊत को कुछ दिन पहले फोन पर धमकी मिली थी और राऊत ने कांजुरमार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था। इस मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने रिजवान जुल्फिकार अंसारी और शाहिद अंसारी नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। इन दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने गुरुवार इस मामले में मयूर शिंदे को भी गिरफ्तार किया है।

इधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राम कदम ने पत्रकारों को बताया कि मयूर शिंदे संजय राऊत और उनके भाई सुनील राऊत का दोस्त है। अब सामने आ गया कि संजय राऊत ने अपनी पुलिस सुरक्षा बढ़ाने के लिए इस तरह षडयंत्र रचा। इसलिए संजय राऊत पर भी मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के महासचिव देशपांडे ने कहा कि खुद की सुरक्षा बढ़ाए जाने के लिए इतने निम्र स्तर तक जाना उचित नहीं है। संजय राऊत पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

संजय राऊत ने कहा कि बहुत जल्द दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो जाएगा। उन्होंने मयूर शिंदे का नाम लेते हुए कहा कि वह किस पार्टी से जुड़ा है, यह जल्द सामने आ जाएगा।