रांची (Jharkhand)। झारखंड में मॉनसून के दस्तक दिए करीब 10 दिन हो चुके हैं। तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। प्रचंड गर्मी पड़ने से स्कूलों का समय बदलने के साथ-साथ कुछ दिनों के लिए छुट्टी भी घोषित की गई है। तापमान में गिरावट आने से 1 जुलाई से बदलेगी।
शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने पूर्व में जारी आदेश में कहा था कि वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए राज्य के सभी सरकारी विद्यालय और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में नई शिक्षा नीति 2020 के आलोक में आदर्श दिनचर्या (Standard Daily Routine) तैयार किया गया है।
इसमें बच्चों के अधिगम में सुधार, सर्वागीण विकास, उनके बौद्धिक स्तर को ऊंचा करने और उनके सीखने (Learning) के लिए अधिक समय उपलब्ध कराया गया है। साथ ही, विद्यालय शिक्षण में खेल एवं शारीरिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों को सम्मलित किया गया है।
आदर्श दिनचर्या के अनुसार 1 जुलाई से 31 मार्च तक स्कूल में कक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगी। इस दौरान प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 08.45 बजे विद्यालय प्रबंधन द्वारा लंबी घंटी (Long Bell) लगाई जाएगी।
प्रातःकालीन प्रार्थना सभा क्रियाकलाप का समय प्रातः 9 से 09.15 होगा। प्रार्थना सभा की कुल अवधि 15 मिनट की होगी। विद्यालय की प्रार्थना सभा में सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है।
आदर्श दिनचर्या के अनुसार कक्षाओं के संचालन की रूपरेखा भी तैयार की गई है। इसकी जानकारी सभी विद्यालयों को दी जा चुकी है। इसमें योग, ड्रील, दिमागी कसरल वाली प्रश्नोतरी का आयोजन भी किया जाना है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का भी प्रावधान किया गया है।