नियमावली निरस्‍त होने पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने सीएम का जताया आभार

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से 1 जून को मिलकर उनके प्रति आभार जताया। झारखंड राज्य पुलिस अवर निरीक्षक सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा नियुक्ति नियमावली (भर्ती पद्धति)-2016 को निरस्त किये जाने के निर्णय को लेकर एसोसिएशन ने खुशी व्‍यक्‍त किया।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि कैबिनेट की बैठक में इसे निरस्त किए जाने के फैसले से तमाम पुलिसकर्मी काफी खुश हैं। इस निर्णय से 1200 पुलिस कर्मियों की प्रोन्नति का रास्ता साफ हो गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने पुलिसकर्मियों को क्षतिपूर्ति अवकाश एवं पुरानी पेंशन की सौगात दी है। इसके लिए तहे दिल से पूरी पुलिस एसोसिएशन आपको धन्यवाद देती है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 15 तारीख को आयोजित होने वाले पुलिस महाधिवेशन में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने पुलिसकर्मियों के कई समस्याओं का निराकरण करने का काम किया है। राज्य पुलिस कर्मियों की मांगों पर उचित निर्णय लेते हुए पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने का काम हमारी सरकार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के साथ-साथ राज्य सरकार के कर्मियों के भी चेहरे पर मुस्कान हो यह हमारी सरकार की सोच है। आने वाले समय में भी राज्य हित एवं जनहित से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

इस अवसर पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, महामंत्री अक्षय राम, उपाध्यक्ष अखिलेश्वर पांडे, अरविंद यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित थे।