बालिका +2 उच्च विद्यालय के छात्राओं से राज्‍यपाल ने किया संवाद

झारखंड
Spread the love

सरायकेला। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन सरायकेला-खरसावां जिले के कुमार विजय प्रताप सिंहदेव राज्य संपोषित बालिका +2 उच्च विद्यालय 19 जून को पहुंचे। वहां के शिक्षकों एवं छात्राओं से संवाद किया। वहां उन्होंने विद्यालय के लिए भूमि दान देने के लिए कुमार विजय प्रताप सिंहदेव के परिवार के प्रति कृतज्ञता अर्पित की।

राज्यपाल ने विद्यालय के ICT लैब, लाइब्रेरी एवं स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की सराहना की। वहां की एक छात्रा ने संवाद के क्रम में राज्यपाल से सांसद एवं राज्यपाल के रूप में अपने अनुभव को साझा करने का अनुरोध किया।

राज्यपाल ने बताया कि सांसद के रूप में किस प्रकार उन्होंने अपने क्षेत्र में जनता के लिए सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार इत्यादि  सुलभ कराने कि दिशा में कार्य किया। कोयंबटूर से 6 अतिरिक्त ट्रेन का परिचालन कराने की दिशा में अपनी भूमिका निभाई।

राज्यपाल के रूप में वे अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारत्मक बदलाव देखना चाहते हैं। इसलिए वे सुदूरवर्ती गाँवों में जाकर ग्रामीणों से संवाद करते हैं। उनकी समस्याओं से अवगत होते हैं।

संवाद के क्रम में ही एक अन्य छात्रा के प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि अपना कार्य बिना फल की चिंता करते हुए करें। प्रत्येक कार्य के लिए समय का निर्धारण करें।

राज्यपाल ने बच्चों से संवाद करते कहा कि उनके प्रेरणास्रोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। वे देश के विकास के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं, जिसके कारण भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है। हमें भी लगातार प्रयास करना चाहिए, सफलता अवश्य मिलेगी।

राज्यपाल ने सरायकेला-खरसावाँ जिला स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय में जाकर बच्चों के साथ भी संवाद किया। उनके मध्य खेल सामग्री वितरित किया। उन्होंने बच्चों को प्रदत्त शिक्षा, छात्रावास की व्यवस्था एवं खान-पान के बारे में जानकारी प्राप्त की।

बच्चों द्वारा अवगत कराया गया कि उन्हें पौष्टिक भोजन दिया जाता है। खाना में अंडा भी दिया जाता है। राज्यपाल ने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए प्रोटिनयुक्त भोजन का होना आवश्यक है। वह चाह रहे हैं कि 8वीं एवं 9वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को भी सप्ताह में एक दिन अंडा एवं दो दिन दूध सुलभ हो। इसके लिए वे अपने भ्रमण के पश्चात समाज कल्याण विभाग के साथ एक बैठक करेंगे। उन्होंने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए हुए मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।